यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 03, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पीएम मोदी से दिल्ली में मिले जम्मू-कश्मीर के CM उमर अब्दुल्ला, पहलगाम आतंकी हमले के बाद पहली मुलाकात
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। 22 अप्रैल को पहलगाम ...और पढ़ें

जागरण ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को दिल्ली पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। लगभग आधे घंटे तक चली यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुई आतंकी घटना के बाद यह दोनों नेताओं की पहली मुलाकात है।
माना जा रहा है कि अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री को घाटी की वर्तमान स्थिति और सुरक्षा प्रबंधों पर चर्चा की है। पहलगाम की आतंकी वारदात के बाद सभी की नजर कश्मीर के हालात पर है।
पाकिस्तान की रणनीतिक घेरेबंदी करते हुए भारत सरकार उस पर अब तक सिंधु समझौता निलंबित करने सहित कई कड़े निर्णय ले चुकी है। भारत आगे और क्या सख्त कदम उठाता है, इसे लेकर तमाम तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन इस बीच उमर उब्दुल्ला ने घाटी की ओर से सरकार को सकारात्मक संदेश दिया है।
पीएम ने दिए कई सुझाव
पीएम मोदी और अब्दुल्ला के बीच क्या बातचीत हुई, यह अधिकृत तौर पर सार्वजनिक नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि हमले के बाद जम्मू-कश्मीर की स्थिति की पूरी रिपोर्ट अब्दुल्ला ने दी। स्थानीय परिस्थितियों पर निगाह और नियंत्रण को लेकर पीएम की ओर से भी कुछ सुझाव दिए गए हैं।
'आतंक को जनता के सहयोग से हराया जा सकता'
उल्लेखनीय है कि आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार का समर्थन करते हए जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ने कहा था कि उनकी सरकार आतंकवाद के खिलाफ जनअभियान को मजबूत करेगी, क्योंकि आतंक को केवल जनता के सहयोग से ही हराया जा सकता है। इतना ही नहीं उन्होंने विधानसभा के विशेष बैठक में यह भी कहा था कि ऐसे वक्त में जम्मू-कश्मीर के लिए पूर्ण राज्य का दर्जा मांगना अनुचित होगा।
