Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Weather Updates: जम्मू-कश्मीर में अगले 24 घंटों के दौरान छाए रहेंगे बादल, हल्की बारिश की संभावना

    By Jagran NewsEdited By: Himani Sharma
    Updated: Tue, 21 Mar 2023 11:47 AM (IST)

    जम्‍मू कश्‍मीर में अगले 24 घंटों के दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे। इसी दौरान जम्मू एवं कश्मीर में हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने इसकी जानकारी दी है। जम्मू में 13.1 डिग्री कटरा में 11.6 डिग्री बटोटे में 6.5 डिग्री दर्ज किया गया।

    Hero Image
    जम्मू-कश्मीर में अगले 24 घंटों के दौरान छाए रहेंगे बादल

    श्रीनगर, आईएएनएस। मौसम विभाग ने मंगलवार को आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने और अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू एवं कश्मीर में हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। जम्मू-कश्मीर में अगले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश होने की संभावना है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ये रहा तापमान 

    क्षेत्र द्रास में तापमान शून्य से 6 डिग्री नीचे, कारगिल में शून्य से 2.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। वहीं लेह में शून्य से 3 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। जम्मू में 13.1 डिग्री, कटरा में 11.6 डिग्री, बटोटे में 6.5 डिग्री, बनिहाल में 4.8 डिग्री और भद्रवाह में 7 डिग्री दर्ज किया गया।

    लगातार वर्षा से बसोहली-बनी सड़क पर भूस्खलन, यातायात ठप

    दो दिन से लागातार वर्षा और ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी से पहाड़ी क्षेत्रों में मुसीबत बढ़ने लगी है। जनजीवन पर इसका बुरा असर पड़ने लगा है। सोमवार को पहाड़ी तहसील लोहाई मल्हार के ऊपरी क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई है। वहीं जोरदार वर्षा के कारण बनी में सड़क मार्ग बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

    रविवार की रात को बनी-बसहोली सड़क छबारू के निकट भूस्खलन के कारण बंद हो गया। करीब आठ घंटे के बाद सोमवार दोपहर बाद करीब दो बजे उसे ग्रेफ ने मलबा हटाकर सड़क को खोल दिया। लेकिन शाम सात बजे फिर भारी भूस्खलन होने के कारण मोठली पास सड़क बंद हो गया। दोनों तरफ से काफी संख्या में वाहन फंस गए।

    मलबे के चपेट में कोई वाहन नहीं आया

    जानकारी के अनुसार जिस समय भूस्खलन हुआ, उसके कुछ ही सेकेंड पहले वहां से वाहन गुजरे थे। संयोग ही रहा कि मलबे के चपेट में कोई वाहन नहीं आया, वरना बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। वहीं बनी-डग्गर सड़क भी नथी मोड़ के निकट दोपहर दो बजे के बाद भूस्खलन के कारण बंद हो गया है। इसके कारण लोग बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं। बनी-सांदी सड़क मार्ग भी गति गांव के निकट पहाड़ी से पस्सियां गिरने से यातायात के लिए बंद हो गया है।

    बिलावर के नीचे हिस्से में भी अच्छी वर्षा हुई

    बनी-लोआंग सड़क मार्ग पेट्रोल पंप के निकट भूस्खलन के चलते बंद हुआ, जिसे बाद में सुचारु कर दिया गया। ग्रेफ की मशीनरी सड़क को साफ करने के लिए मौके पर पहुंच रही थी। लेकिन मलबा इतना अधिक है कि देर रात तक भी यातायात बहाल होना संभव नहीं लग रहा था। बिलावर के नीचे हिस्से में भी अच्छी वर्षा हुई है। वहीं दो दिन से हो रही वर्षा से बसोहली और आसपास के इलाकों में वर्षा से तापमान में भारी गिरावट आई है।

    लोग गर्म कपड़े पहनने को हो गए मजबूर

    लोग गर्म कपड़े पहनने को मजबूर हो गए हैं। सोमवार को वर्षा के कारण बाजार बस अड्डा सब सुनसान रहा। केवल वाहन ही आ जा रहे थे। सवारी बहुत कम ही दिखे। वहीं दूसरी ओर खराब सड़क पर जलभराव के कारण यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। वहीं जीरो मोड़ से धार महानपुर को जाने वाली सड़क की हालत खराब होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। खराब सड़क पर निजी वाहन फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए दूसरे वाहन के आने का इंतजार करना पड़ा।

    धार महानपुर सड़क को लेकर प्रयास नाकाफी

    स्थानीय निवासी पंकज ठाकुर, सुरेश कुमार, मदन लाल आदि ने बताया कि धार महानपुर सड़क को लेकर प्रयास नाकाफी हैं। कई सरकारें आईं, नेता बदले मगर हालत में सुधार नहीं हुआ। बारिश में कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मेटाडोर चालकों ने भी बताया कि बारिश में इस सड़क पर उनका इम्तिहान होता है। खराब सड़क के कारण अपनी और यात्रियों की जान जोखिम में डालनी पड़ती है।