विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू के राजौरी में दशहरे पर मंदिर की छत से मिला ग्रेनेड, नीचे चल रहा था भंडारा; खतरे में थी 300 लोगों की जिंदगी

Published: Wed, 21 Oct 2026 08:31 AM (IST)

राजौरी के कल्लर चट्टियाड़ गांव स्थित हनुमान मंदिर की छत पर विजयादशमी के अवसर पर ग्रेनेड मिला। भंडारे के दौरान करीब 300 श्रद्धालु मौजूद थे।

राजौरी में मिला ग्रेनेड (प्रतीकात्मक फोटो)

राजौरी में मिला ग्रेनेड (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. राजौरी के हनुमान मंदिर की छत पर ग्रेनेड मिला

  2. दशहरे भंडारे के दौरान 300 श्रद्धालु थे मौजूद

  3. बम निरोधक दस्ते ने ग्रेनेड को निष्क्रिय किया

 

जागरण संवाददाता, राजौरी। सीमावर्ती जिला राजौरी के गांव में विजयादशमी के अवसर पर मंदिर की छत पर ग्रेनेड मिलने से हड़कंप मच गया। उस समय मंदिर परिसर में भंडारा चल रहा था और करीब 300 श्रद्धालु जुटे थे।

बम निरोधक दस्ते ने ग्रेनेड को निष्क्रिय कर बड़ा हादसा टाल दिया। पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि मंदिर की छत पर ग्रेनेड किसने रखा।

जानकारी के अनुसार, नियंत्रण रेखा से करीब आठ किलोमीटर अंदर स्थित कल्लर चट्टियाड़ गांव में स्थित हनुमान मंदिर में सोमवार रात को पूजा और जागरण हुआ था। मंगलवार को मंदिर में भंडारा चल रहा था और बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिसर में जुटे थे।

बच्चों को लगा कोई खिलौना है

इस दौरान कुछ बच्चे मंदिर की छत पर चढ़ गए और उन्होंने वहां ग्रेनेड पड़ा देखा। बच्चों को लगा कि शायद यह कोई खिलौना है। फिर भी उन्होंने इसकी जानकारी अपने अभिभावकों को दी। लोग जब छत पर चढ़े तो ग्रेनेड देखकर सभी सहम गए। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

कुछ ही देर में पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंची और लोगों को वहां से हटाते हुए जांच शुरू की। बाद में ग्रेनेड को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया गया।

संदिग्ध गतिविधि की अभी तक पुष्टि नहीं

सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही हैं कि ग्रेनेड मंदिर की छत पर किसने रखा था। अभी तक किसी साजिश या संदिग्ध गतिविधि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

नवरात्र के दौरान मंदिर में कई धार्मिक कार्यक्रम भी हुए थे। बता दें कि सोमवार शाम को राजौरी के कंडी क्षेत्र के चोर हिल में भी सुरक्षा बल ने जंगल में एक प्राकृतिक गुफा से हथियार बरामद किए थे।

यह भी पढ़ें- कश्मीर में कई दिन बिजली रहेगी गुल, पट्टन, पंपोर, अवंतीपोरा समेत इन इलाकों में पड़ेगा असर; यहां देखें शेड्यूल

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: कुलगाम हिट एंड रन केस सुलझा, पुलिस ने CCTV की मदद से आरोपी को पकड़ा