Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Jammu Kashmir : सरहद तक तिरंगा रैलियों की गूंज, स्वतंत्रता दिवस से पहले ही बही देशभक्ति की बयार

    By Lokesh Chandra MishraEdited By:
    Updated: Sun, 07 Aug 2022 03:32 PM (IST)

    रावी दरिया किनारे बसे कठुआ से उत्तरी कश्मीर में नियंत्रण रेखा से सटे जिला कुपवाड़ा तक इन दिनों तिरंगा ही नजर आ रहा है। कहीं तिरंगा रैलियां निकल रही हैं तो कहीं बच्चे उत्साहित होकर जय हिंद के जयघोष लगा रहे हैं

    Hero Image
    आतंकग्रस्त दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में शान से तिरंगा रैली निकाली गई।

    जम्मू/श्रीनगर, नवीन नवाज : ...दे सलामी इस तिरंगे को जिससे तेरी शान है, सिर हमेशा ऊंचा रखना इसका जब तक तुझ में जान है। स्वतंत्रता दिवस से पहले ही इन दिनों जम्मू कश्मीर में देश भक्ति की बयार बह रही है। रावी दरिया किनारे बसे कठुआ से उत्तरी कश्मीर में नियंत्रण रेखा से सटे जिला कुपवाड़ा तक इन दिनों तिरंगा ही नजर आ रहा है। कहीं तिरंगा रैलियां निकल रही हैं तो कहीं बच्चे उत्साहित होकर जय हिंद के जयघोष लगा रहे हैं तो कोई अपनी गाड़ी पर तिरंगा लगाकर हर घर तिरंगा अभियान का हिस्सा बन रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हर घर तिरंगा अभियान स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में किया गया है। प्रदेश में 13 से 15 अगस्त तक अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के जरिए प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत बनाते हुए राष्ट्रीय ध्वज के प्रति जागरुकता पैदा की जा रही है। बांडीपोरा में गत वर्ष जहां तिरंगा लहराने पर भाजपा नेता वसीम बारी को उसके भाई और पिता संग आतंकियों ने मौत के घाट उतारा था, आज वहीं स्कूली छात्रों के बीच हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत राष्ट्रगान गायन प्रतियोगिता हुई।

    कुपवाड़ा में काउंसिलर लतीफ अहमद के घर पर तिरंगा दूर से नजर आता है। दक्षिण कश्मीर में आतंक की नर्सरी कहलाने वाले जिला पुलवामा में छात्रों ने दो दिन पहले रैली निकाल हर घर तिरंगा अभियान के प्रति लोगों में जागरुकता पैदा करने का प्रयास किया है। विभिन्न स्कूलों में छात्रों के बीच हर घर तिरंगा अभियान के तहत निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। अनंतनाग में भी छात्रों ने तिरंगा रैली निकाली।

    श्रीनगर में लालचौक में आए दिन तिरंगा फहराते हुए विभिन्न संगठन और युवा नजर आ रहे हैं। जम्मू में भी विभिन्न जगहों पर तिरंगा लिए युवक-युवतियां नजर आ रहे हैं। कई घरों की छतों पर तिरंगा लहरा रहा है। सांबा और कठुआ में विभिन्न संगठनों द्वारा लोगों में तिरंगा बांटा जा रहा है।

    लोग बेखौफ होकर अभियान का हिस्सा बनें : मंडलायुक्त कश्मीर पांडुरंग के पोले ने कहा कि तिरंगा हमारी शान है, हमारी भावनाएं इससे जुड़ी हुई हैं। कश्मीर में लोग बेखौफ हो इस अभियान का हिस्सा बन रहे हैं। प्रदेश प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लोग अपने घरों पर तिरंगा लहराएं, इसके लिए एक जन जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है।

    वर्चुली भी तिरंगा लहराया जा सकता है और इसके लिए नागरिको को तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी लेकर हरघरतिरंगा.काम पर जाकर पिन फ्लैग करना होगा। इसके अलावा प्रदेश प्रशासन ने राष्ट्रगीत गायन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया है जिसके लिए 13 वर्ष या उससे अधिक उम्र का कोई भी छात्र व नागरिक सात अगस्त 2022 से अपना पंजीकरण करा सकता है।

    छात्र व एनसीसी कैडट प्रभात फेरियां निकालेंगे : उपराज्यपाल मनोज सिन्हा खुद जम्मू कश्मीर में हर घर तिरंगा अभियान की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने सभी जन प्रतिनिधियों की भागीदार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने देश की एकता अखंडता के लिए अपना सर्वस्व बलिदान करने वाले प्रदेश के सभी नागरिकों और स्वतंत्रता सेनानियों के घरों के बाद पुलिस बैंड की प्रस्तुतियों के आयोजन और एक सप्ताह तक छात्रों व एनसीसी कैडटों की मदद से प्रभात फेरियों के आयोजन के लिए भी कहा है।