विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौन है लतीफ भट? कुलगाम आतंकी हमले के बाद फिर चर्चा में लश्कर का मोस्ट वांटेड, पहले भी दे चुका कई वारदातों को अंजाम

Published: Thu, 12 Nov 2026 02:02 PM (IST)

Who is LeT Terrorist Latif Bhat: कुलगाम में CRPF टीम पर हुए आतंकी हमले के बाद लश्कर-ए-तैयबा के स्थानीय आतंकी ...और पढ़ें

आतंकी लतीफ भट फिर निशाने पर, सुरक्षा एजेंसियां तलाश में जुटीं। (फाइल फोटो)

आतंकी लतीफ भट फिर निशाने पर, सुरक्षा एजेंसियां तलाश में जुटीं। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. कुलगाम में सीआरपीएफ टीम पर आतंकी हमला हुआ।

  2. लश्कर आतंकी मोहम्मद लतीफ भट पर शक गहराया।

  3. लतीफ भट पर 15 लाख का इनाम घोषित है।

डिजिटल डेस्क, जम्मू। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में CRPF टीम पर हुए आतंकी हमले के बाद लश्कर-ए-तैयबा के स्थानीय आतंकी मोहम्मद लतीफ भट का नाम एक बार फिर चर्चा में है। सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि इस हमले में लतीफ भट भी शामिल हो सकता है। हमले में तीन सीआरपीएफ जवान घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर है।

बता दें कि बुधवार दोपहर कुलगाम के आखरन नौपुरा इलाके में सीआरपीएफ जवान नाका लगाकर वाहनों और राहगीरों की चेकिंग कर रहे थे। करीब 2:15 बजे बाइक पर सवार दो युवक नाके के पास पहुंचे और जवानों पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए।

बाकी जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, लेकिन वहां मौजूद आम नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें संयम बरतना पड़ा। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर हमलावर मौके से फरार हो गए।

कौन है मोहम्मद लतीफ भट?

मोहम्मद लतीफ भट दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के खेरवान क्षेत्र का रहने वाला है। सुरक्षा एजेंसियां उसे लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा स्थानीय आतंकी बताती हैं। उसका नाम द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) से भी जोड़ा जाता रहा है, जिसे लश्कर का सहयोगी संगठन माना जाता है।

लतीफ पहली बार शोपियां में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ के बाद चर्चा में आया था। इस अभियान में वह लश्कर के आतंकी जाकिर गनई के साथ घिर गया था। पांच दिन तक चले अभियान में सुरक्षाबलों ने जाकिर गनई को मार गिराया, लेकिन लतीफ मौके से भागने में सफल रहा। तभी से सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश कर रही हैं।

लतीफ भट का नाम इससे पहले दक्षिण कश्मीर में हुई दो बड़ी वारदातों की जांच में भी सामने आ चुका है। इनमें अनंतनाग के लाल चौक इलाके में पुलिसकर्मी की हत्या और कुलगाम के केलम क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों की हत्या शामिल है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने पर 15 लाख रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा है।

image-fotor-2026111213501

पुलिसकर्मी की हत्या में आया था नाम

लतीफ भट का नाम 22 जुलाई 2026 को अनंतनाग के व्यस्त लाल चौक इलाके में हुई पुलिसकर्मी की हत्या के मामले में सामने आया था। इस वारदात में हेड कांस्टेबल अशिक हुसैन कुरैशी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने लतीफ की पहचान की थी।

कुलगाम में दो प्रवासी श्रमिकों की हत्या में भी शक

इसके बाद 31 जुलाई को कुलगाम जिले के केलम इलाके में एक ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले की जांच में भी लतीफ का नाम सामने आया।

इन लगातार हुई घटनाओं के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 6 अगस्त को लतीफ भट की तस्वीरों वाले पोस्टर कई प्रमुख स्थानों पर लगाए थे। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी में मदद करने या उसके ठिकाने के बारे में सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 15 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की थी।

कश्मीर में सक्रिय एकमात्र स्थानीय आतंकी

कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक सुजीत कुमार ने 5 नवंबर को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि घाटी में एक स्थानीय आतंकी सक्रिय है, जिसे कुछ विदेशी आतंकियों का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने इस स्थानीय आतंकी की पहचान कुलगाम के मोहम्मद लतीफ भट के रूप में की थी। आईजीपी ने उसे अनंतनाग में पुलिसकर्मी और कुलगाम में दो प्रवासी श्रमिकों की हत्या से जुड़े मामलों में भी लिंक किया था।

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF टीम पर आतंकी हमला, तीन जवान गंभीर रूप से घायल

कुलगाम हमले के बाद फिर तेज हुई तलाश

11 नवंबर को कुलगाम के अखरन इलाके में सीआरपीएफ के नाके पर हुई गोलीबारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने लतीफ भट की भूमिका की जांच तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियां इस हमले और पहले की वारदातों के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही हैं। हालांकि, ताजा हमले में लतीफ की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

यह भी पढ़ें....

कुलगाम आतंकी हमला: बातचीत की, पानी मांगा और मजदूरों पर चला दी गोली; लतीफ बट बैग में छिपाकर लाया था राइफल

कुलगाम आतंकी हमले का मोस्ट वांटेड लतीफ बट पर 15 लाख का इनाम, कश्मीर में जगह-जगह लगे पोस्टर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।