कौन हैं शगुन परिहार, जिन्हे BJP ने बनाया भाजयुमो का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष; 8 साल पहले आतंकियों ने की थी पिता-चाचा की हत्या
किश्तवाड़ की विधायक शगुन परिहार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

किश्तवाड़ से विधायक शगुन परिहार (सोशल मीडिया फोटो)
HighLights
शगुन परिहार भाजयुमो की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोनीत
किश्तवाड़ से सबसे कम उम्र की विधायक चुनी गईं
राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रही हैं शगुन
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू संभाग के किश्तवाड़ की विधायक शगुन परिहार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. हेमांग जोशी ने मंगलवार को राष्ट्रीय इकाई का पुनर्गठन करते हुए पदाधिकारियों के नाम नामित किए, जिसमें शगुन परिहार को मौका दिया गया है।
किश्तवाड़ से विधायक हैं शगुन परिहार
शगुन परिहार प्रदेश भाजपा में एक युवा सदस्य के रूप में सक्रिय नेता हैं। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में वह किश्तवाड़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुनी गईं और वह उस चुनाव में जम्मू-कश्मीर विधानसभा की सबसे कम उम्र की विजेता बनीं।
उनकी यह ऐतिहासिक जीत थी क्योंकि उन्होंने मुस्लिम बहुल क्षेत्र से चुनाव लड़ा और नेशनल कान्फ्रेंस के दिग्गज नेता व पूर्व विधायक सज्जाद अहमद किचलू को पराजित किया। वह भारतीय जनता पार्टी की एकमात्र महिला विधायक बनीं।
2018 में हुई थी चाचा और पिता की हत्या
उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि में उनका परिवार शुरुआत से ही राजनीति और भाजपा से जुड़ा रहा है। उनके चाचा अनिल परिहार जम्मू-कश्मीर में भाजपा के कद्दावर नेता और राज्य सचिव थे।
एक नवंबर 2018 को किश्तवाड़ में आतंकियों ने गोली मारकर उनके पिता अजीत परिहार और उनके चाचा अनिल परिहार की हत्या कर दी थी।
मूल रूप से अकादमिक और शोध कार्यों में लगी शगुन परिहार ने परिवार की विरासत और क्षेत्र की सेवा के संकल्प के साथ राजनीति में कदम रखा।
यह भी पढ़ें- पिता के बाद भाई भी देश पर कुर्बान, 5 बहनों का सूना हुआ मायका; जम्मू में पुलिस स्मृति दिवस पर याद कर रो पड़ा परिवार
यह भी पढ़ें- कश्मीर में महिलाओं पर पानी ढोने का बोझ, 95% मानसिक-शारीरिक थकान से जूझ रहीं; सर्वे में खुली हकीकत
