Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    लोगों को निश्शुल्क राष्ट्रध्वज बांटेगा वेयर हाउस फेडरेशन

    By JagranEdited By:
    Updated: Sun, 07 Aug 2022 07:30 AM (IST)

    हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए जम्मू कश्मीर की सबसे बड़ी थोक अनाज मंडी वेयर हाउस-नेहरू मार्केट ने जम्मूवासियों को मुफ्त में तिरंगे उपलब्ध करवाने की घोषणा की है।

    Hero Image
    लोगों को निश्शुल्क राष्ट्रध्वज बांटेगा वेयर हाउस फेडरेशन

    जागरण संवाददाता, जम्मू : आजादी के 75 साल पूरे होने पर मनाए जा रहे आजादी के अमृत महोत्सव के तहत शुरू किए गए हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए जम्मू कश्मीर की सबसे बड़ी थोक अनाज मंडी वेयर हाउस-नेहरू मार्केट ने जम्मूवासियों को मुफ्त में तिरंगे उपलब्ध करवाने की घोषणा की है। ट्रेडर्स फेडरेशन वेयर हाउस-नेहरू मार्केट के अनुसार जम्मू कश्मीर का कोई भी व्यक्ति, संस्था या संगठन उनसे राष्ट्रीय ध्वज ले सकता है। फेडरेशन ने पूरी मंडी के दुकानदारों में मुफ्त में तिरंगे झंडे वितरित करने का भी फैसला किया है, ताकि 13 से 15 अगस्त के बीच पूरी मंडी में तिरंगे लहराते नजर आए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    फेडरेशन के प्रधान दीपक गुप्ता ने शनिवार को फेडरेशन कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत इस बार 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा लहराने का आह्वान किया है। दीपक गुप्ता ने कहा कि तिरंगा हर भारतीय की आन, बान व शान है। इसे सम्मान देने के लिए हर राष्ट्रभक्त को इस बार स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में अपने घर, दुकान पर तिरंगा लहराना चाहिए। गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री के हर घर अभियान को मजबूती प्रदान करने के लिए फेडरेशन ने मुफ्त में राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध करवाने का फैसला लिया है। गुप्ता ने कहा कि जम्मू कश्मीर का कोई भी नागरिक, संस्था व संगठन फेडरेशन कार्यालय में आकर तिरंगे झंडे ले सकता है। गुप्ता ने कहा कि फेडरेशन ने सोमवार से पूरी मंडी के दुकानदारों में भी मुफ्त तिरंगे बांटने का फैसला किया है ताकि 13 से 15 अगस्त तक मंडी में चारों ओर तिरंगा लहराता नजर आए। गुप्ता ने इस मौके पर जम्मूवासियों से इस अभियान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने व शान से तिरंगा लहराने की अपील भी की। पत्रकार वार्ता के दौरान फेडरेशन के वरिष्ठ उप प्रधान मुनीष महाजन, उप प्रधान अभिमन्यु गुप्ता, महासचिव शाम लाल लंगर, सचिव विशाल गुप्ता, कोषाध्यक्ष अमित गुप्ता व पूर्व वरिष्ठ उप प्रधान शाम लाल गुप्ता भी मौजूद रहे।

    comedy show banner
    comedy show banner