विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 16, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नवरात्र में कर सकेंगे मां वैष्णो देवी के दर्शन? यात्रा को लेकर श्राइन बोर्ड ने दिया नया अपडेट

Published: Tue, 16 Sep 2025 10:50 AM (GMT+05:30)

खराब मौसम के कारण माता वैष्णो देवी की यात्रा लगातार 21वें दिन स्थगित रही। भारी बारिश के कारण सांझी छत क्षेत्र में भूस्खलन हुआ है जिससे मार्ग फिसलन भरा है। मौसम में सुधार न होने के कारण यात्रा के शारदीय नवरात्र में शुरू होने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए श्राइन बोर्ड यात्रा शुरू करने में सावधानी बरत रहा है।

नवरात्र में संभावना है कि माता वैष्णो देवी की यात्रा शुरू हो जाए (फाइल फोटो)
नवरात्र में संभावना है कि माता वैष्णो देवी की यात्रा शुरू हो जाए (फाइल फोटो)

राकेश शर्मा, जम्मू। मां वैष्णो देवी की यात्रा सोमवार को लगातार 21वें दिन स्थगित रही। मौसम की बेरुखी के कारण श्रद्धालुओं का इंतजार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण मां वैष्णो देवी के पारंपरिक मार्ग पर सांझी छत क्षेत्र में भूस्खलन हुआ था।

हालांकि, अधिकतर मार्ग को साफ कर दिया गया है, लेकिन अभी भी फिसलन है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिन और मौसम की बेरुखी जारी रह सकती है। इस स्थिति को देखते हुए कयास लगाए जा रहे हैं कि मां वैष्णो देवी की यात्रा आगामी 22 सितंबर को शुरू हो रहे शारदीय नवरात्र से प्रारंभ हो सकती है। श्राइन बोर्ड का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसके साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता।

मौसम की स्थिति अभी अनुकूल नहीं

उधर, यात्रा शुरू करने की मांग को लेकर श्रद्धालुओं ने दोपहर को कटड़ा के मुख्य बस अड्डे पर प्रदर्शन किया। उन्होंने श्राइन बोर्ड तथा प्रशासन से आग्रह किया कि उन्हें मां वैष्णो देवी की यात्रा करने की अनुमति दी जाए। इस दौरान एसडीएम और पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को समझाया कि मौसम की स्थिति अभी अनुकूल नहीं है।

सभी मार्गों की मरम्मत का कार्य चल रहा है। जैसे ही मौसम में सुधार होगा और सभी मार्ग दुरुस्त होंगे, यात्रा को सुचारु किया जाएगा। दूसरी ओर मां वैष्णो देवी की यात्रा जल्द शुरू करने की मांग को लेकर श्राइन बोर्ड के केंद्रीय कार्यालय के बाहर घोड़ा, पिट्ठू और पालकी आदि का कार्य करने वाले मजदूरों ने नेता भूपेंद्र सिंह जमवाल के नेतृत्व में प्रदर्शन किया।

26 अगस्त को हुआ था भूस्खलन

मजदूरों का कहना है कि यात्रा बंद होने से उनके परिवार का पोषण करना कठिन हो गया है। 26 अगस्त को मां वैष्णो देवी मार्ग के अर्धकुंवारी मंदिर क्षेत्र में भूस्खलन हुआ था, जिसमें 34 श्रद्धालुओं की जान चली गई थी। कई श्रद्धालु घायल हुए थे। तब से यात्रा स्थगित है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।