विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब LoC के पास भी घूम सकेंगे पर्यटक, जम्मू-कश्मीर के उरी को करीब 8 करोड़ की लागत से टूरिस्ट हब बनाने की तैयारी शुरू

Published: Mon, 09 Nov 2026 08:34 AM (IST)

जम्मू-कश्मीर सरकार ने उड़ी में सीमा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ₹7.93 करोड़ की परियोजना को मंजूरी दी है।

फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है।

फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है।

HighLights

  1. उड़ी में 7.93 करोड़ की पर्यटन परियोजना स्वीकृत

  2. पर्यटक हट्स, पार्क, व्यू पॉइंट्स विकसित होंगे

  3. स्थानीय रोजगार, अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा

राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में सीमा पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सरकार ने उत्तरी कश्मीर के उड़ी क्षेत्र में पर्यटन संबंधी बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 7.93 करोड़ रुपये वाली परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी दी है।

इस परियोजना के माध्यम से उड़ी और इसके आसपास के खूबसूरत पर्यटन स्थलों को विकसित कर क्षेत्र को एक आकर्षक पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की योजना है।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने उड़ी में पर्यटन ढांचा विकसित करने की योजना के लिए परियोजाओं की पुष्टि करते हुए उड़ी निवासियों और स्थानीय विधायक को मुबारक दी।

उल्लेखनीय है कि जिला बारामुला के अंतर्गत उड़ी एक सीमावर्ती क्षेत्र है जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता, पहाड़ी वादियों, झरनों, नदियों और हरे-भरे जंगलों के लिए जाना जाता है।

क्यों है खास यह जगह?

यहां की प्राकृतिक छटा और शांत वातावरण पर्यटकों को आकर्षित करने की व्यापक संभावनाएं रखते हैं। नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट स्थित होने के कारण इस क्षेत्र का सामरिक और ऐतिहासिक महत्व भी है।

प्रस्तावित परियोजना के तहत उड़ी कस्बे के अलावा बोसियां-गिंगल, महूरा, गरकोट और बेला बोनियार में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इसके अंतर्गत पर्यटकों के ठहरने के लिए टूरिस्ट हट्स, सुविधा केंद्र, नदी किनारे आकर्षक पार्क (रिवरफ्रंट पार्क), मनोरम व्यू पॉइंट्स, ट्रैकिंग मार्ग तथा सार्वजनिक सुविधाओं का निर्माण और विकास किया जाएगा।

इन सुविधाओं के विकसित होने से पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलने के साथ ही क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

इस परियोजना का एक प्रमुख उद्देश्य उड़ी और आसपास के क्षेत्रों में मौजूद पर्यटन संभावनाओं को सामने लाना तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करना है।

छोटे व्यवसायों को भी मिलेगा लाभ

पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से होटल, होमस्टे, परिवहन, खानपान, स्थानीय हस्तशिल्प और अन्य छोटे व्यवसायों को भी लाभ मिलने की संभावना है।

परियोजना के पूरा होने के बाद उड़ी को सीमा पर्यटन के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में मदद मिलेगी। इससे न केवल क्षेत्र की प्राकृतिक विरासत को व्यापक पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और कश्मीर के पर्यटन मानचित्र पर उड़ी की उपस्थिति को और सशक्त बनाने का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

इस क्षेत्र के प्रमुख दर्शनीय स्थलों में नंबला, नूरखाह और लिम्बर के खूबसूरत झरने विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। इसके अलावा लिम्बर और लचिपोरा वन्यजीव अभयारण्य अपनी घनी वनस्पति और दुर्लभ वन्यजीवों, विशेषकर मारखोर के लिए प्रसिद्ध हैं। कमान पोस्ट, रुस्तम क्षेत्र और झेलम नदी के आसपास के मनोरम दृश्य भी पर्यटकों को आकर्षित करते हैं।

प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक विरासत और सीमावर्ती संस्कृति का अनूठा संगम उड़ी को पर्यटन की दृष्टि से विशिष्ट बनाता है। परियोजना के तहत उड़ी में पर्यटन सुविधा केंद्र, बोसियां-गिंगल में पर्यटक हट्स व ट्रेकिंग सुविधाएं, महूरा में रिवरफ्रंट पार्क तथा बेला बोनियार में व्यू पाइंट और पार्क विकसित करने का प्रस्ताव है।

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयबी, दो आतंकवादी सहयोगी गिरफ्तार; चीनी पिस्तौल और ग्रेनेड बरामद

यह भी पढ़ें- श्रीनगर के लाल चौक पर दीपोत्सव, रोशनी से जगमगाया घंटाघर; स्थानीय लोगों संग पर्यटकों ने भी जलाए दीये, देखें खूबसूरत तस्वीर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।