यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 28, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भाईचारे की मिसाल... बर्फ में फंसे सैलानियों के लिए फरिश्ता बने स्थानीय लोग, पनाह के लिए खोल दिए मस्जिद के दरवाजे
श्रीनगर-सोनमर्ग राजमार्ग पर भारी बर्फबारी के कारण फंसे पर्यटकों को स्थानीय लोगों ने गुंड की जामिया मस्जिद में शरण दी। ...और पढ़ें

HighLights
- श्रीनगर-सोनमर्ग राजमार्ग पर गुंड में स्थानीय लोगों ने की सहायता
- पर्यटक बोले- स्थानीय लोगों ने उनका बहुत ही आदर सत्कार किया
राज्य ब्यूरो, जम्मू। श्रीनगर-सोनमर्ग राजमार्ग पर गुंड में स्थानीय लोगों ने भारी बर्फबारी के कारण फंसे यात्रियों के एक ग्रुप को आश्रय देने के लिए एक मस्जिद के दरवाजे खोल दिए। पंजाब के एक दर्जन पर्यटक शुक्रवार को सोनमर्ग क्षेत्र से लौटते समय बर्फबारी में फंस गए।
अधिकारियों ने बताया कि उनके वाहन बर्फ में फंस गए और आस-पास कोई होटल नहीं था और पर्यटकों को ठहराने के लिए स्थानीय घर भी छोटे थे। इसलिए गुंड निवासियों ने जामिया मस्जिद के दरवाजे खोल दिए जिससे पर्यटकों को रात के लिए वहां रुकने की अनुमति मिल गई।
पर्यटकों ने स्थानीय लोगों का व्यक्त किया आभार
स्थानीय निवासी बशीर अहमद के अनुसार सबसे अच्छा संभव समाधान यही था क्योंकि मस्जिद में हमाम है जो रात भर गर्म रहता है। मस्जिद के अंदर रात बिताने वाले पर्यटकों का एक वीडियो वायरल हो गया है। पर्यटकों ने मदद के लिए स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि हम बर्फ में फंस गए थे और आप हमें बचाने आए। हम आप सभी के बेहद आभारी हैं। एक अन्य पर्यटक ने कहा कि शहर पर स्थानीय लोगों ने उनका बहुत ही आदर सत्कार किया। यहां हर कोई अच्छा है और यहां आना सुरक्षित है। कृपया धरती के इस स्वर्ग में आइए।
मीरवाइज ने की सराहना
हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के चेयरमैन मीरवाइज उमर फारूक ने इस कदम की सराहना की और कहा कि भारी बर्फबारी के बीच फंसे पर्यटकों के लिए कश्मीरियों को अपनी मस्जिदें और घर खोलते देखना सुखद है।
बर्फबारी के कारण फंसे हैं कई पर्यटक
भारी बर्फबारी के कारण कई पर्यटक श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग और दूधपथरी जैसे पर्यटन स्थलों पर फंस गए। हालांकि फंसे हुए सभी पर्यटक शिकायत नहीं कर रहे थे। पुलिस और नागरिक प्रशासन ने फंसे हुए पर्यटकों तक पहुंचना शुरू कर दिया है। उन्हें गर्म पानी और गर्म रखने के लिए अन्य आवश्यकताएं प्रदान की हैं।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी से आफत, मुगल रोड सहित श्रीनगर-लद्दाख हाइवे बंद; जाम में फंसे टूरिस्ट
बर्फबारी से महिला पर्यटक की हुई मौत
जम्मू-श्रीनगर में बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जहां एक ओर पर्यटक बर्फबारी का लुत्फ उठा रहे हैं। वहीं, केंद्रशासित प्रदेश में हाइवे जाम हो गए हैं। बर्फ के कारण श्रीनगर-लद्दाख हाइवे और मुगल रोड बंद है। इस कारण यात्रियों को परेशानी से जूझना पड़ रहा है। जगह-जगह सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार नजर आ रही है।
उधर, बर्फ से हादसों की खबरें भी सामने आ रही हैं। बर्फ से हाइवे जाम हो गए हैं। इसी क्रम में जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक महिला पर्यटक की मौत हो गई, जबकि पुलिस ने मुगल रोड पर बर्फ में फंसे छह लोगों को बचाया।
