विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 05, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

JK Weather: श्रीनगर हवाई अड्डे के रनवे पर जमी बर्फ, उड़ानें रद; जम्मू के पहाड़ी क्षेत्रों में आज भी बर्फबारी, ऐसा रहेगा मौसम

By Jagran News Edited By: Monu Kumar Jha
Published: Mon, 05 Feb 2024 07:45 AM (IST)Updated: Mon, 05 Feb 2024 08:43 AM (IST)

Jammu Kashmir Weather जम्मू-कश्मीर में रविवार को पहाड़ी क्षेत्रों में हिमपात तो मैदानी क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। श्रीनगर हवाई ...और पढ़ें

Jammu Kashmir Weather News: श्रीनगर हवाई अड्डे के रनवे पर जमी बर्फ, उड़ानें रद। फाइल फोटो
Jammu Kashmir Weather News: श्रीनगर हवाई अड्डे के रनवे पर जमी बर्फ, उड़ानें रद। फाइल फोटो

HighLights

  1. मुगल रोड और श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग बंद।
  2. मां वैष्णो देवी भवन में रविवार को दिनभर होती रही हल्की बारिश।
  3. सोमवार को भी वर्षा व हिमपात की संभावना।
  4. पहाड़ी क्षेत्र के पहाड़ियों में एक से दो फुट तक जमी बर्फबारी।

जागरण संवाददाता, जम्मू/श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में रविवार को पहाड़ी क्षेत्रों में हिमपात व मैदानी क्षेत्रों में तेज वर्षा हुई। श्रीनगर में लालचौक समेत प्रमुख जगहों पर बर्फ की चादर बिछ गई। श्रीनगर हवाई अड्डे के रनवे पर बर्फ की परत जम जाने से श्रीनगर से सभी उड़ानों को रद करना पड़ा। जम्मू संभाग के पत्नीटाप, नत्थाटाप, राजौरी, पुंछ, कठुआ जिले के बनी क्षेत्र में भी हिमपात से पहाड़ियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है।

मुगल रोड और श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग बंद

इन इलाकों में दो से तीन फीट बर्फ जम गई है। कई मार्गों पर बर्फ जमी होने से सड़क यातायात प्रभावित है। जम्मू में पूरे दिन रुक-रुककर वर्षा होती रही। हिमपात से कश्मीर के शोपियां को जम्मू संभाग के राजौरी-पुंछ से जोड़ने वाला मुगल रोड और श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पहले से ही बंद है।

मां वैष्णो देवी भवन में रविवार को दिनभर होती रही हल्की बारिश

मां वैष्णो देवी भवन व आधार शिविर कटड़ा में रविवार को दिनभर हल्की बारिश होती रही। हेलीकॉप्टर सेवा स्थगित रही। रामबन जिले के किश्तवारी पत्थर व शेरबीबी इलाके में भूस्खलन और पहाड़ से मलबा गिरने से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पौने चार घंटे तक बंद रहा। मलबा हटाने के बाद इसे शाम साढ़े तीन खोला जा सका।

सोमवार को भी वर्षा व हिमपात की संभावना

इस बीच, मौसम विभाग ने सोमवार को भी वर्षा व हिमपात की संभावना जताई है। इसके अलावा जम्मू कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने पहाड़ी क्षेत्रों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी कर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। कश्मीर के मैदानी इलाकों में मध्यम बर्फबारी हुई, जबकि ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है। जम्मू संभाग में भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में काफी बर्फ गिरी है।

श्रीनगर हवाई अड्डे के निदेशक जावेद अंजुम ने बताया कि बर्फबारी शनिवार की देर रात से ही शुरू हुई थी। सुबह थोड़ी देर के लिए रुकी। जिससे रनवे को साफ किया जाने लगा, लेकिन बर्फबारी फिर शुरू हो गई। इससे उड़ानें संचालित नहीं हो सकीं। कश्मीर के मैदानी इलाकों में मध्यम बर्फबारी हो रही है जबकि घाटी के ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी हो रही है।

यह भी पढ़ें: Haryana: ED-CBI से कराएं 100 करोड़ के घोटाले की जांच, आप प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने BJP सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

पहाड़ी क्षेत्र के पहाड़ियों में एक से दो फुट तक जमी बर्फबारी

प्रशासन ने सड़कों पर से सुबह से ही बर्फ हटाने का काम शुरू किया है। कठुआ जिले के मैदानी क्षेत्र में जहां मूसलधार बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा, वहीं पहाड़ी क्षेत्र बनी के ऊंची पहाड़ियों धोलका व कोटी गांव में एक से दो फुट तक बर्फबारी हुई है। इस दौरान बर्फबारी के कारण बनी-डग्गर मार्ग डुगन के निकट भूस्खलन के कारण प्रभावित रहा।

इसी तरह, बनी-भंडार मार्ग व पर्यटक स्थल सरथल जाने वाली सड़क भी भारी बर्फबारी के कारण के कारण बंद है। बिजली सप्लाई भी बनी कस्बे को छोड़कर अधिकांश गांवों में पूरी तरह से ठप है। राजौरी के कंडी, मंजाकोट, डेरा की गली में भी काफी बर्फ गिरी है।

छह को शुष्क मौसम रहेगा बांडीपोरा की गुरेज घाटी में दो से तीन फीट बर्फ पड़ी है। तुलेल घाटी में तीन से चार फीट बर्फ पड़ी है। गुरेज-बांडीपोरा मार्ग राजदान पास में हुई बर्फबारी से बंद है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार से कश्मीर में मौसम में सुधार होने की उम्मीद है। छह से 13 फरवरी तक मौसम शुष्क रहेगा।

यह भी पढ़ें: Haryana: केंद्र ने लगाई हरियाणा के गरीब परिवारों की सूची पर मुहर, नए वित्तीय वर्ष से राशन में मिलेगी ये खाद्य सामग्री

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।