Jammu Kashmir Weather: जम्मू-कश्मीर में भीषण गर्मी का कहर, 46 डिग्री पार पहुंचा तापमान; 13 जून से बदलेगा मौसम
जम्मू-कश्मीर में प्रचंड गर्मी का प्रकोप जारी है जिससे लोगों का हाल बेहाल है। कश्मीर के सभी जिलों में तापमान सामान्य से 6-7 डिग्री सेल्सियस ऊपर है जबकि जम्मू के सात जिले तंदूर की तरह तप रहे हैं। सांबा में अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 13 जून की रात से पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश की संभावना है।

जागरण संवाददाता, जम्मू। प्रचंड गर्मी और लू का प्रकोप चरम पर है। जम्मू संभाग ही नहीं कश्मीर में भी लोग गर्मी से बेहाल हैं। कश्मीर के सभी जिलों में तापमान सामान्य से छह से सात डिग्री सेल्सियस ऊपर चल रहा है। गर्मी से राहत लेने कश्मीर पहुंच रहे पर्यटकों के भी पसीने छूट रहे हैं।
ऊधर, जम्मू के सात जिले तंदूर की तरह तप रहे हैं। जिला जम्मू, सांबा, कठुआ, ऊधमपुर, जम्मू, राजौरी, रामबन और रियासी में तापमान लगातार 40.0 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा है।
विशेषकर जिला सांबा में वीरवार को अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री रहा। लू का प्रकोप इस कदर बना हुआ है कि घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। बाजारों में सन्नाटा है। जम्मू में 43.6 डिग्री तापमान रहा।
13 जून से बदलेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर के अनुसार 13 जून की रात से पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ क्षेत्रों में बारिश की संभावना है जिससे लू का असर कम होगा। कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है।
मौसम विभाग की मानें तो जम्मू संभाग में तापमान तीन से छह डिग्री सेल्सियस ऊपर चल रहा है। वहीं कठुआ जिले के बनी में गुरुवार को जमकर बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। एक दिन पहले यहां का तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया था।
दो दिनों तक लू का प्रकोप
मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर के मुताबिक अभी अगले दो दिनों तक लू का प्रकोप बना रहेगा और तापमान 40 डिग्री से ऊपर ही रहने वाला है।13-14 जून को कई स्थानों पर बादल छाएंगे और गर्ज के साथ वर्षा हो सकती है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। कश्मीर का तापमान भी सामान्य से ऊपर चल रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।