Jammu Kashmir: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद मदनलाल शर्मा का निधन, काफी समय से चल रहे थे बीमार
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद मदनलाल शर्मा का बुधवार को निधन हो गया।प्रदेश प्रधान जीए मीर और मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने कहा कि मदन लाल शर्मा ने गरीबों के उत्थान के लिए बहुत कार्य किया। वह लोगों के बीच एक लोकप्रिय नेत थे।
जम्मू, राज्य ब्यूरो: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद मदनलाल शर्मा (Madanlal Sharma) का बुधवार को निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। शर्मा पहली बार साल 1983 में छम्ब विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए और उसके बाद 1987 में भी विधायक बने। साल 1988 में बनी नेशनल कांफ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन सरकार में वह पहली बार मंत्री बने। साल 2002 में अखनूर विधानसभा क्षेत्र से चुने गए और पीडीपी-कांग्रेस गठबंधन सरकार में मंत्री बने। शर्मा जम्मू पुंछ संसदीय सीट से साल 2004 और 2009 में लोकसभा के लिए चुने गए। वह साल 2014 का लोकसभा चुनाव हार गए थे।
शर्मा का आज बुधवार दोपहर को मुट्ठी श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी जम्मू कश्मीर के प्रधान जीए मीर सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं ने मदन लाल शर्मा के निधन पर गहरा शाेक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताई है।पूर्व मंत्री रमण भल्ला, धर्मपाल शर्मा, मुलाराम, जीएम सरूरी, कांता भान, गुरुमुख सिंह, रविंद्र शर्मा, रजनीश शर्मा, बलवान सिंह, मनमोहन सिंह, योगेश साहनी, जुगल किशोर, आरएस चिब सहित अन्य नेताओं ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
कांग्रेस के प्रदेश प्रधान जीए मीर और मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने कहा कि मदन लाल शर्मा ने गरीबों के उत्थान के लिए बहुत कार्य किया। वह लोगों के बीच एक लोकप्रिय नेत थे। उनकी कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकता है।ज्ञात रहे कि मदनलाल शर्मा जमीनी नेता थे। लोगों के बीच उनकी अच्छी पकड़ थी। शांत स्वभाव के शर्मा को लोगों के दिलों में उतर जाने की कला था। उनका निधन कांग्रेस पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।