‘बर्ड्स ऑन आइस’ का पोस्टर जारी, बुसान फिल्म महोत्सव में होगा वर्ल्ड प्रीमियर; वैश्विक मंच पर दिखेगी लद्दाख की कहानी
लद्दाख के मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने लेह में लद्दाखी फीचर फिल्म 'बर्ड्स ऑन आइस' का आधिकारिक पोस्टर जारी किया, ...और पढ़ें

‘बर्ड्स ऑन आइस’ का पोस्टर जारी करते लद्दाख के मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा। फोटो सोशल मीडिया
HighLights
लद्दाखी फिल्म 'बर्ड्स ऑन आइस' का पोस्टर लेह में जारी।
फिल्म बुसान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए चयनित हुई।
लद्दाख की आइस हॉकी संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। लद्दाख के मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने रविवार को लेह में लद्दाखी फीचर फिल्म बर्ड्स ऑन आइस का आधिकारिक पोस्टर जारी किया और फिल्म की पूरी टीम को अगले महीने दक्षिण कोरिया में होने वाले बुसान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में स्क्रीनिंग के लिए शुभकामनाएं दीं।
साहिल एच शाह द्वारा निर्देशित और निर्मित यह फिल्म 31 वें बुसान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के ए विंडो ऑन एशियन सिनेमा खंड के लिए चुनी गई है। फिल्म का अक्टूबर में दक्षिण कोरिया के बुसान शहर में विश्व प्रीमियर होगा।
मुख्य सचिव ने फिल्म की टीम को बधाई देते हुए कहा कि लद्दाख की पृष्ठभूमि और वहां की आइस हॉकी संस्कृति से जुड़ी कहानी को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने फिल्म के माध्यम से केंद्र शासित प्रदेश की खेल भावना, स्थानीय प्रतिभाओं और अनूठे शीतकालीन परिदृश्य को दुनिया के सामने रखने के प्रयासों की सराहना की।
यह भी पढ़ें- लद्दाख के लिए सोनम वांगचुक ने अब 'कॉकरोचों' से मांगी मदद, एक दिन बाद अभिजीत दीपके ने क्या दिया जवाब?
लद्दाख में आइस हॉकी की कहानी
कुंद्रा ने उम्मीद जताई कि यह फिल्म लद्दाख में आइस हॉकी के बढ़ते जुनून को दुनिया तक पहुंचाने के साथ-साथ क्षेत्र को शीतकालीन खेलों और रचनात्मक कहानी कहने के एक प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने में भी योगदान देगी।
बर्ड्स ऑन आइस लद्दाख में आइस हॉकी की दुनिया को एक कमिंग-ऑफ-एज कहानी के जरिए प्रस्तुत करती है। फिल्म में भारतीय राष्ट्रीय आइस हॉकी खिलाड़ी पद्मा छोरोल अभिनय की शुरुआत कर रही हैं। वह फिल्म में पामी नाम की आइस हॉकी कोच और राष्ट्रीय टीम की खिलाड़ी की भूमिका निभा रही हैं।
उनके वास्तविक खेल अनुभव भी फिल्म में आइस हॉकी और लद्दाख के खिलाड़ियों के सपनों को दर्शाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
फिल्म के निर्देशक एवं निर्माता साहिल एच शाह ने इसके निर्माण से जुड़ी यात्रा और लद्दाख की कठोर सर्दियों में शूटिंग के दौरान आई चुनौतियों को साझा किया। उन्होंने शून्य से नीचे तापमान में काम करने के अनुभव और कहानी को पर्दे पर उतारने में कलाकारों तथा तकनीकी टीम के समर्पण का उल्लेख किया।
यह भी पढ़ें- लद्दाख हिंसा के पीड़ितों को बड़ी राहत, मृतकों के परिजनों को 15-15 लाख का मुआवजा; LG ने अमित शाह का जताया आभार
लद्दाख में कड़ाके की शर्दी में हुई फिल्म की शूटिंग
फिल्म की शूटिंग लद्दाख में करीब दो महीने तक कड़ाके की सर्दियों के दौरान की गई। इसमें अधिकांश कलाकार और क्रू सदस्य लद्दाख से ही हैं। बुसान फिल्म महोत्सव के लिए बर्ड्स ऑन आइस का चयन लद्दाखी भाषा के सिनेमा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
फिल्म के जरिए लद्दाख की खेल संस्कृति, प्राकृतिक खूबसूरती और स्थानीय लोगों की कहानियां दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचेंगी। 31वां बुसान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 6 से 15 अक्टूबर तक दक्षिण कोरिया के बुसान में आयोजित किया जाएगा।
