Jammu Kashmir : आतंकी तालिब का नाम भाजपा से जुड़ने पर राजनीति शुरू, भाजपा-कांग्रेस में छिड़ा सियासी संग्राम
राजस्थान के उदयपुर में कन्हैया लाल हत्याकांड के आरोपित का भी भाजपा से जुड़ने का आरोप लगा था। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने कहा कि यह पहली बार है कि जब भाजपा का कार्यकर्ता सीधा आतंकवाद में शामिल निकला है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो : रियासी जिले में ग्रामीणों के हत्थे चढ़े लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी तालिब हुसैन का नाम भाजपा से जुड़ने पर राजनीति शुरू हो गई है। कांग्रेस और भाजपा नेता इस मसले पर एक-दूसरे पर आरोपों की बौछार कर रहे हैं। फिलहाल कश्मीर केंद्रित पार्टियों ने इस मसले पर चळ्प्पी साधी है। दूसरी ओर इंटरनेट मीडिया पर तालिब व भाजपा नेताओं की तस्वीरें वायरल की जा रही हैं। भाजपा ने इसे षड्यंत्र बताया। जबकि कांग्रेस प्रवक्ता र्रंवद्र शर्मा ने इसकी जांच की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी जम्मू कश्मीर के मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने कहा कि इस मुद्दे पर सत्ताधारी पार्टी को देश को जवाब देना चाहिए। भाजपा के आतंकियों से संबंध की दो दिन में यह दूसरी घटना है। पहले राजस्थान के उदयपुर में कन्हैया लाल हत्याकांड के आरोपित का भी भाजपा से जुड़ने का आरोप लगा था। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने कहा कि यह पहली बार है कि जब भाजपा का कार्यकर्ता सीधा आतंकवाद में शामिल निकला है। यह बहुत गंभीर मामला है और देश की सुरक्षा को खतरा है।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने शनिवार को फेसबुक पर पोस्ट किया था कि कन्हैया लाल मामले में आरोपित की तस्वीरें स्थानीय भाजपा नेताओं के साथ सामने आईं थी। उन्होंने इस मामले को राष्ट्रीय जांच एजेंसी के हवाले करने की मांग की। कांग्रेस के कार्यकारी प्रधान रमण भल्ला ने भी भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि तालिब की गिरफ्तारी के बाद और कई अहम बातें सामने आएंगी। इस मामले की जांच निष्पक्ष होनी चाहिए।
भाजपा के आइटी सेल प्रमुख अमित मालविया ने आरोप को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि आरोपित भाजपा नेता नहीं है और विपक्षी पार्टी फर्जी खबरें उड़ा रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना ने दावा किया कि उन्हें सुरक्षा एजेंसियों से पता चला है कि तालिब को पाकिस्तान प्रायोजित आतंकियों ने प्लांट किया था ताकि मुझे व पार्टी मुख्यालय को निशाना बनाया जा सके। जम्मू कश्मीर में भाजपा के विस्तार से आतंकी संगठन बौखला गए हैं। हम डरने वाले नहीं हैं।