Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गोलाबारी बरसाने वाले पाक से वार्ता नहीं, बल्कि उसे सबक सिखाने की जरूरत: भाजपा

    By Preeti jhaEdited By:
    Updated: Mon, 02 Apr 2018 12:47 PM (IST)

    महबूबा मुफ्ती की पाकिस्तान से बातचीत को उनकी निजी राय बताते भाजपा ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान से वार्ता नहीं, बल्कि उसे सबक सिखाने की जरूरत है। ...और पढ़ें

    Hero Image
    गोलाबारी बरसाने वाले पाक से वार्ता नहीं, बल्कि उसे सबक सिखाने की जरूरत: भाजपा

    आरएसपुरा, दलजीत सिंह। मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की पाकिस्तान से बातचीत की वकालत को उनकी निजी राय बताते हुए भाजपा ने स्पष्ट किया है कि गोलाबारी बरसाने, आतंकवाद को शह देने वाले पाकिस्तान से वार्ता नहीं, बल्कि उसे सबक सिखाने की जरूरत है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व जम्मू कश्मीर प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने भारत पाकिस्तान सीमा से सटे सुचेतगढ़ के गाव बडयाल में बातचीत में कहा कि पड़ोसी से बातचीत तभी संभव है, जब वह आतंकवाद को शह देना बंद करे। रविवार को भारत पाकिस्तान सीमा से सटे सुचेतगढ़ के गाव बडयाल में पहली बार हुई भाजपा की प्रदेश कार्यकारणी की बैठक में हिस्सा लेने आए खन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री कुछ भी कहें, हमारा स्टैंड स्पष्ट है। पाकिस्तान इस काबिल नहीं है कि उससे बात हो।

    मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के केंद्र सरकार पर पड़ोसी से बातचीत का दबाव बनाने पर उन्होंने कहा कि इससे भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। केंद्र सरकार का भी स्टैंड स्पष्ट है कि पाकिस्तान को उसकी भाषा में ही समझाया जाएगा। राज्य सरकार के तीन साल पूरा होने पर खन्ना ने कहा कि हमारी पूरी कोशिश है कि केंद्र व राज्य सरकार लोगों को तेज विकास का फायदा दिलवाएं। विकास को पूरी तरह से समर्पित भाजपा लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरी है। केंद्र से मिलने वाले वित्तीय सहयोग का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि अब फंड उसी कार्य के लिए इस्तेमाल होते हैं, जिनके लिए उन्हें दिया जाता है। पहले ऐसा नहीं होता था जिसके कारण विकास की राह में बाधाएं आती थीं। अब केंद्र सरकार का रवैया स्पष्ट है। पारदर्शिता से विकास करवाते जाएं, फंड के मामले में कोई कमी नहीं आएगी।

    अंतिम सांसें ले रहा आतंकवाद : जितेंद्र सिंह प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा है कि जम्मू कश्मीर में आतंकवाद अब अंतिम सांसें ले रहा है। भाजपा की राज्य कार्यकारिणी बैठक में हिस्सा लेने आए डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि सेना, सुरक्षा बलों ने राज्य में आतंकवादियों पर कड़ा दबाव बनाया है। रविवार को कश्मीर में ग्यारह आतंकवादियों का मारा जाना इसका सबूत है। पत्रकारों के साथ बातचीत में सेना, सुरक्षा बलों को उनकी कामयाबी पर बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि सेना, सुरक्षा बलों को देश के दुश्मनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की खुली छूट है।

    उन्होंने हालात बेहतर बनाने को काफी आतंकवादियों को मार गिराया है। डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि कश्मीर में लोगों को आतंकवाद का सच समझ आ गया है। कश्मीरी युवा प्रधानमंत्री द्वारा चलाई गई योजनाओं से भविष्य बेहतर बनाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। हर साल घाटी का युवा अब आइएस, आइआइटी में शामिल होकर बेहतर भविष्य के लिए मेहनत कर रहे हैं। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि लोग भाजपा से नाराज नहीं हैं। ये दुष्प्रचार उन पार्टियों का है, जिन्हें चुनाव में लोगों ने बाहर का रास्ता दिखा दिया था। सीमांत वासियों के लिए केंद्र सरकार के प्रयासों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि सीमात युवाओं के लिए सुरक्षाबलों की दो विशेष बटालियनों के गठन की घोषणा करने के साथ भर्ती प्रकिया की दिशा में जल्द काम शुरू किया जाएगा।

     जम्मू के मुद्दे को तूल देगी भाजपा

    संसदीय चुनाव के लिए सशक्तबनने की मुहिम के तहत भाजपा रो¨हग्याओं के अवैध रूप से जम्मू में बसने की न्यायिक जांच, अमरनाथ आंदोलन के दौरान एफआरआर वापस लेने, मुस्लिम बहुल राज्य में अल्पसंख्यक आयोग के गठन और पश्चिम पाकिस्तान के लोगों के पुनर्वास के मुद्दों के समाधान के लिए सरकार पर दबाव बनाएगी।

    यह रणनीति रविवार को भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे आरएसपुरा के सुचेतगढ़ में पहली बार हुई भाजपा की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में तय की गई। बैठक में जोर दिया गया कि भाजपा सरकार में अपना हक ले। कश्मीर में पत्थरबाजों पर एफआइआर वापस ले लिए गए हैं, लेकिन श्री अमरनाथ भूमि आंदोलन में तिरंगा लेकर प्रदर्शन करने वाले जम्मू के युवाओं पर दर्ज एफआइआर वापस नहीं लिए गए हैं। इसे तूल देने के साथ तय किया गया कि पार्टी जम्मू में रो¨हग्याओं के बसने के मामले की जांच उच्च न्यायालय के न्यायाधीश से करवाने का दबाव बनाएगी।

    राजौरी में नए जिले और हीरानगर के रसाना में गुज्जर समुदाय की बच्ची की हत्या की सीबीआई जांच करवाने के मुद्दों पर भाजपा की पैठ वाले इलाकों के हालात पर चर्चा के साथ तय किया गया कि सरकार के एकतरफा फैसले भाजपा को मंजूर नहीं होंगे। इस दौरान रसाना में बच्ची की हत्या व नगरोटा में मौलवी की बच्ची से बलात्कार के मामले की कड़ी निंदा करते हुए रसाना मामले में क्राइम ब्रांच की जांच जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया। राज्य कार्यकारिणी में राजनीति प्रस्ताव महासचिव डॉ. नरेन्द्र सिंह की ओर से पेश किया गया। सुबह साढ़े नौ बजे से देर शाम साढ़े सात बजे तक चली कार्यकारिणी की बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व जम्मू कश्मीर प्रभारी सांसद अविनाश राय खन्ना, प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा, उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह, भाजपा के मंत्रियों व प्रदेश पदाधिकारियों ने हिस्सा लेकर संसदीय चुनाव और उसके बाद विधानसभा चुनाव को लेकर अपनाई जाने वाली रणनीति तय की।

    यह पहली बार है जब भाजपा ने पाकिस्तान की गोलाबारी से प्रभावित सुचेतगढ़ में राज्य कार्यकारिणी की बैठक की है। लिहाजा इस बैठक के माध्यम से पाकिस्तान को भी कड़ा संदेश दिया गया कि उसकी नापाक साजिशों को सख्ती से नाकाम बनाया जाएगा। बैठक में पिछले तीन महीनों के दौरान आयोजित संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा करने के साथ मौजूदा चुनौतियों और उनसे निपटने के लिए कदमों पर भी विचार विमर्श किया गया। यह तय किया गया कि पार्टी केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने के साथ उन्हें केंद्र प्रायोजित योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष प्रयास करेगी। बैठक में लोकसभा सांसद जुगल किशोर शर्मा, राज्यसभा सांसद शमशेर सिंह मन्हास, एमएलसी अशोक खजूरिया, संगठन महामंत्री अशोक कौल, क्षेत्र के विधायक व मंत्री शाम चौधरी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान अविनाश राय खन्ना ने जोर दिया कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ता लोगों के संपर्क में रहकर कार्य करें।

    इसके साथ पार्टी नेता स्थानीय हीरो व युवाओं को प्रेरणा देने वालों की याद में अधिक से अधिक कार्यक्रम किए जाएं। डॉ. जितेंद्र सिंह ने जोर दिया कि कार्यकर्ता न सिर्फ केंद्र सरकार की उपलब्धियां उजागर करें बल्कि विपक्षी राजनीतिक पार्टियों के दुष्प्रचार का भी कड़ा जवाब दिया जाए। डॉ. निर्मल सिंह ने राज्य सरकार की उपलब्धियां उजागर की। सांसद जुगल किशोर शर्मा, शमशेर सिंह मन्हास, संगठन महामंत्री अशोक कौल ने पार्टी के समक्ष चुनौतियों का हवाला देते हुए जोर दिया कि कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर भाजपा की उपलब्धियां गिनाएं। कार्यक्रम का आयोजन महासचिव पवन खजूरिया, डॉ. नरेन्द्र सिंह व हरेन्द्र गुप्ता की देखरेख में हुआ।