Jammu Kashmir Weather : जम्मू व कश्मीर में नदी-नाले उफान पर, मौसम विभाग ने कहा- अभी जारी रहेगा बारिश का सिलसिला
बारिश ने अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान को सामान्य से नीचे ला दिया है। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में पिछली रात तापमान जहां 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था वहां बारिश के बाद अब तापमान नीचे आकर 8.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।

श्रीनगर, जेएनएन : जम्मू व कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में देर रात से जारी बारिश के बाद नदी व नाले एक बार फिर उफान पर हैं। चिनाब, झेलम, उज्ज आदि दरियों का जलस्तर बढ़ गया है। कई इलाकों में जलभराव भी हुआ है। वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में और अधिक बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है।
बारिश ने अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान को सामान्य से नीचे ला दिया है। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में पिछली रात तापमान जहां 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, वहां बारिश के बाद अब तापमान नीचे आकर 8.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। कश्मीर में बारिश के बाद कई जगहों पर जलभराव भी हुआ है। श्रीनगर के निचले इलाकों और अन्य जगहों पर सड़कों पर पानी जमा हो गया है। आने जाने वाले राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है।
स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि झेलम में भी जल स्तर में मामूली वृद्धि हुई है। झेलम संगम के पास 9.16 फीट पर बह रहा है जो बाढ़ चेतावनी के निशान का आधा है। भले यह खतरे के निशान से काफी नीचे है परंतु घबराने वाली बात यह है कि पिछले 24 घंटों में इसके जलस्तर में लगभग 3 फीट की वृद्धि दर्ज की गई। अगर बारिश का सिलसिला जारी रहता है, तो इसका जलस्तर खतरे के निशान के नजदीक पहुंच जाएगा। इसी तरह राम मुंशीबाग में झेलम का जलस्तर 11.69 फीट दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों में मौसम विभाग ने कश्मीर में हुई बारिश के बारे में बताया कि पहलगाम में 31.4 मिमी, बनिहाल में 21.9 मिमी, काज़ीगुंड में 12.8 मिमी, कुपवाड़ा में 13.4 मिमी, कुकरनाग में 13.0 मिमी, कठुआ में 10.8 मिमी, श्रीनगर में 9.2 मिमी, गुलमर्ग में 8.8 मिमी, भद्रवाह में 7.5 मिमी, जम्मू में 6.8 मिमी और बटोत में 2.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
बारिश के बाद अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात को 18.8 डिग्री सेल्सियस था। अधिकारी ने कहा कि वर्ष के इस समय के दौरान ग्रीष्मकालीन राजधानी का तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम था। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात 16.7 डिग्री सेल्सियस था। पहलगाम में भी इसी तरह पारा पिछली रात 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसी तरह जम्मू का न्यूनतम तापमान पिछली रात के समान ही 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर की शीतकालीन राजधानी के लिए यह सामान्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस कम था। बनिहाल में न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस, बटोत में 17.6 डिग्री सेल्सियस, कटरा में 22.2 डिग्री सेल्सियस और भद्रवाह में 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने कहा कि अगले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर डिवीजनों में मध्यम बारिश या फिर गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। उन्होंने कहा कि यह सिलसिला अगले दो दिनों तक जारी रहेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।