जम्मू-कश्मीर: जानिए क्यों टांडे रख डियर पार्क में हिरणों को दिए जा रहे हैं तरबूज-खीरा और ग्लूकोज, पढ़ें क्या है पूरा मामला
वन्य जीव संरक्षण विभाग के रेंज अधिकारी राकेश शर्मा ने बताया कि टांडे रख स्थित विभाग के डियर पार्क में 35 हिरण है। जिसमें से 36 स्पॉटेड डियर दो बार्किंग डियर और एक गोरल डियर है। हिरण 32 से 33 डिग्री सेल्सियस तापमान तक आराम से रहते हैं।
ऊधमपुर, अमित माही। लगातार पड़ रही गर्मी ने इंसानों को जीवों को भी बेहाल करना शुरु कर दिया है। भीषण गर्मी के प्रकोप से ऊधमपुर के टांडे रख डियर पार्क में रखे गए हिरणों को तरबूज, खीरा से लेकर फीड में मिलाकर ग्लूकोन डी तक दिया जा रहा है। इसके साथ ही हिरणों के आराम के लिए बनाए गए शेड पर घास की छत को पानी से गीला किया जा रहा है।
बादल छाने के बावजूद आसमान से राहत नहीं बरस रही। इसके साथ ही लगातार निकल रही धूप से तापमान बढ़ता जा रहा है। जिससे पड़ रही भीषण गर्मी ने इंसानों सहित हर जीव को बेहाल करना शुरु कर दिया है। गर्मी के प्रकोप से बचने जहां इंसान तरह तरह से उपाय कर रहे हैं। वहीं टांडे रख में बने डियर पार्क में रखे गए हिरणों को बचाने के लिए वन्य जीव संरक्षण विभाग हिरणों को गर्मी से बचाने के विशेष प्रबंध कर रहा है। गर्मी के मद्देनजर विभाग ने हिरणों के आहार में तरबूज, खीरा, गांठगोभी, पत्ता गोभी सहित अन्य हरी सब्जियों को हरे चारे में शामिल कर रहा है। जिससे उनके शरीर का तापमान नियंत्रित रहे। इसके साथ उनके लिए हर समय पानी उपलब्ध रखने के साथ उनको दिए जाने वाले पशु आहार पर गुल्कोन डी (ग्लूकोज) का छिड़गाव भी कर रहा है।
इस बारे में वन्य जीव संरक्षण विभाग के रेंज अधिकारी राकेश शर्मा ने बताया कि टांडे रख स्थित विभाग के डियर पार्क में 35 हिरण है। जिसमें से 36 स्पॉटेड डियर, दो बार्किंग डियर और एक गोरल डियर है। उन्होंने बताया कि हिरण 32 से 33 डिग्री सेल्सियस तापमान तक आराम से रहते हैं। मगर इससे उपर तापमान होने से उनको दिक्कत होने लगती है।
पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के दौरान तापमान 43 डिग्री के करीब तक पहुंच गया था। इस भीषण से गर्मी में हिरण को बचाने के लिए विभाग ने हर संभव प्रबंध किए हैं। जिसमें हिरणों के आराम के लिए बनाए शेडों की छत और चारों तरफ लगाई गई घास को पानी से नियमित अंतराल पर गीला किया जाता है। जिससे शेड के अंदर तापमान कम किया जा सके और हिरण गर्मी से बच सकें। इसके अलावा हिरणों के शरीर के तापमान को कम करने के लिए उनके आहार में तरबूज, खीरा जैसे ठंडी तासीर की चीजों को शामिल किया गया है। हरे पशु चारे में गांठगोभी, बंदगोभी व अन्य चीजों को शामिल किया जा रहा है। जिस पर ग्लूकोज का छिड़काव किया जाता है। हिरणों के लिए पार्क में विभिन्न जगह बनाई गई जगहों पर पानी उपलब्ध रखा जाता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।