विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सादी ड्रेस में आतंकी समझकर चलाई गोली...', किश्तवाड़ में 2 जवानों के बलिदान पर कांग्रेस अध्यक्ष ने सेना पर मढ़ा आरोप

Published: Mon, 16 Nov 2026 10:40 AM (IST)

कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद करा ने किश्तवाड़ में दो एसपीओ के बलिदान पर सेना पर आरोप लगाया कि उन्हें आतंकी समझकर गोली मारी गई।

किश्तवाड़ हमले में बलिदान जवानों की तस्वीरें (जागरण फाइल)

किश्तवाड़ हमले में बलिदान जवानों की तस्वीरें (जागरण फाइल)

HighLights

  1. कांग्रेस अध्यक्ष ने सेना पर एसपीओ को आतंकी समझने का आरोप लगाया

  2. भाजपा ने बयान को आतंकियों को क्लीन चिट देने की साजिश बताया

  3. दो एसपीओ के शव 11 नवंबर को गोलियों से छलनी मिले थे

राज्य ब्यूरो, जम्मू। किश्तवाड़ जिले में दो एसपीओ रशपाल कुमार और बाबी चंद के बलिदान मामले में जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद करा की राजनीतिक टिप्पणियों से सियासत में भूचाल आ गया है। उन्होंने उनके बलिदान के लिए सेना पर आरोप मढ़ते हुए मामले की जांच की मांग कर डाली।

इस मामले में भाजपा ने पलटवार करते देर नहीं लगाई और कहा कि यह आतंकियों को क्लीन चिट देने की साजिश है। भाजपा प्रवक्ता ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर डाली।

यहां बता दें कि सुरक्षा ड्यूटी के लिए घर से निकले दोनों एसपीओ के 11 नवंबर को गोलियों से छलनी शव मिले थे। यह घटना लगभग 8,858 फीट की ऊंचाई पर देहरना और कियार गांव के बीच हुई थी।

तीन आतंकियों के पोस्टर जारी

आतंकी उनके हथियार भी ले गए थे। पुलिस ने तीन आतंकियों के पोस्टर जारी कर 30 लाख का इनाम घोषित किया है। करा ने रविवार को श्रीनगर में मीडिया से बातचीत करते हुए मामले को नया रंग देते हुए कहा कि दोनों एसपीओ दरअसल शिकार करने गए थे और सेना ने उन्हें आतंकी समझ कर गोली मारी है।

दोनों एसपीओ सिविल कपड़ों में थे। लिहाजा मामले की निष्पक्ष जांच हो। करा ने कहा कि किश्तवाड़ की घटना निंदनीय है, चाहे इसे किसी ने भी अंजाम दिया हो। भाजपा ने कांग्रेस पर सेना को बदनाम करने के आरोप लगाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह घटना से जुड़ा एक संभावित पहलू है, जिसकी जांच जरूरी है।

सदन में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने कहा कि कांग्रेस आतंकियों का दोष सेना पर मढ़ने का प्रयास कर रही है। साथ ही बलिदानियों को शिकारी बताकर उनके बलिदान और परिवार की भावनाओं का अपमान किया जा रहा है।

दोनों एसपीओ एसओजी के साथ ड्यूटी पर थे और पहले से तैनात जवानों की जगह पर मड़वा के धरना पोस्ट पर जा रहे थे। पाकिस्तान करा के बयान को सेना के खिलाफ प्रोपेगेंडा के लिए इस्तेमाल करेगा। आतंकी हिंसा की घटनाओं पर इस तरह अफवाह फैलाना राजनीति नहीं है।

कांग्रेस नेता के विवादित बोल

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद करा ने कहा कि किश्तवाड़ के घटनाक्रम में बहुत सारे सवाल हैं। उन्होंने कहा कि हमें जानकारी मिली है कि दोनों एसपीओ शिकार करने गए थे।

उस क्षेत्र में दो चौकियां हैं। जाते हुए तो वह निकल गए पर वापसी के दौरान सेना ने सादी वर्दी के कारण उन्हें आतंकी समझ लिया। हमने इस मामले में जांच की मांग की। भाजपा इसे आतंकी हमला बता रही है।

बलिदानियों का अपमान: भाजपा

भाजपा प्रवक्ता और विधायक आरएस पठानिया ने कहा कि ऐसे संवेदनशील समय में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बिना ठोस आधार के आशंका व्यक्त कर सेना की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। यह बलिदानियों का अपमान है। एक जनप्रतिनिधि को इस तरह के बयान देने से बचना चाहिए। भाजपा प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने करा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

यह भी पढ़ें- जम्मू में हाईटेक नकल की साजिश नाकाम, JKSSB अकाउंट्स असिस्टेंट परीक्षा से पहले 14 संदिग्ध गिरफ्तार; वायरलेस सेट जब्त

यह भी पढ़ें- कश्मीर के 4 अधिकारियों को मिली DSP की जिम्मेदारी, आईजीपी ने पहनाए नए रैंक के बैज

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।