जम्मू में हाईटेक नकल की साजिश नाकाम, JKSSB अकाउंट्स असिस्टेंट परीक्षा से पहले 14 संदिग्ध गिरफ्तार; वायरलेस सेट जब्त
जम्मू पुलिस ने जेकेएसएसबी फाइनेंस विभाग में अकाउंट्स असिस्टेंट भर्ती परीक्षा में हाईटेक नकल की साजिश को नाकाम कर दिया। ...और पढ़ें

JKSSB अकाउंट्स असिस्टेंट परीक्षा से पहले 14 संदिग्ध गिरफ्तार (फाइल फोटो)
HighLights
जेकेएसएसबी अकाउंट्स असिस्टेंट परीक्षा में नकल की साजिश नाकाम
पुलिस ने 14 संदिग्धों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों सहित पकड़ा
तीन एफआईआर दर्ज, विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) की फाइनेंस विभाग में अकाउंट्स असिस्टेंट की भर्ती परीक्षा में नकल करवाने की साजिश जम्मू पुलिस ने नाकाम कर दी। परीक्षा में बैठे चुनिंदा अभ्यर्थियों तक इलेक्ट्रानिक उपकरणों के जरिए प्रश्नों के उत्तर पहुंचाने की तैयारी की थी।
पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर 14 संदिग्धों को अलग-अलग परीक्षा केंद्रों के आसपास से हिरासत में ले लिया। वायरलेस रेडियो सेट समेत कई इलेक्ट्रनिक उपकरणों के अलावा पुलिस ने तीन वाहन भी जब्त किए हैं। दोमाना थाने में तीन एफआइआर दर्ज कर एसआइटी भी गठित कर दी है।
बता दें कि 600 पदों के लिए पूरे प्रदेश में रविवार को परीक्षा हुई है। सभी आरोपितों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार, भर्ती परीक्षा के दौरान नकल करवाने की पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना में बताया था कि कुछ लोग आधुनिक इलेक्ट्रानिक संचार उपकरणों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों के अंदर बैठे चुनिंदा अभ्यर्थियों को उत्तर पहुंचाने की तैयारी कर रहे हैं।
14 युवकों को पकड़ा गया
पुलिस ने टीमें गठित कर चिह्नित परीक्षा केंद्रों के आसपास तैनात कर दीं। साधी वर्दी में टीमों ने परीक्षा शुरू होने से पहले विभिन्न केंद्रों के बाहरी व आसपास इलाकों में 14 युवकों को इलेक्ट्रानिक उपकरण व वायरलेस रेडियो सेट के साथ पकड़ा। सभी से पूछताछ की जा रही है।
दोमाना थाने में तीन अलग-अलग एफआइआर दर्ज की हैं। जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआइटी) का गठन किया है। एसआइटी यह पता लगाएगी कि इस साजिश के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे, इलेक्ट्रानिक उपकरण कहां से खरीदे और किन अभ्यर्थियों को इसका लाभ पहुंचाया जाना था।
पुलिस अन्य संभावित आरोपितों और पूरे नेटवर्क की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार त्रिकुटा ग्रुप आफ कॉलेज, नारदनी, रायपुर बनतालाब, सेंट जेवियर स्कूल, अपर बरनाई, केएनआईटी ग्रीन माडल अकादमी, संग्रामपुर के बाहर से तीन वाहन भी जब्त किए हैं। पकड़े गए आरोपित आरएसपुरा और बिश्नाह के रहने वाले हैं।
कैसे काम करने वाला था नकल का नेटवर्क ?
बाहर मौजूद थे मददगार: गिरोह के सदस्य परीक्षा केंद्रों के आसपास वाहनों में छिपकर नकल करवाने की तैयारी में थे।
इलेक्ट्रानिक उपकरणों का इस्तेमालः वायरलेस रेडियो सेट और अन्य संचार उपकरणों के जरिए संपर्क स्थापित करने की योजना थी।
चुनिंदा अभ्यर्थी निशाने पर: परीक्षा में बैठे कुछ अभ्यर्थियों तक प्रश्नों के उत्तर पहुंचाने की साजिश रची गई थी।
अब खुलेगी पूरी साजिश: तीन एफआइआर दर्ज कर एसआइटी बनाई है, जो मददगारों से लसंभावित लाभार्थियों तक की पहचान करेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।