कुलगाम आतंकी हमले को लेकर फेसबुक पर फैलाई झूठी खबर, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
कुलगाम आतंकी हमले पर फेसबुक पर झूठी खबर फैलाने के आरोप में बांडीपोरा पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
-1794749516722_m.webp)
कुलगाम आतंकी हमले पर झूठी खबर फैलाने वाला गिरफ्तार।
HighLights
कुलगाम हमले पर झूठी खबर फैलाने वाला गिरफ्तार
आरोपी ने सीआरपीएफ जवानों की मौत का दावा किया
पुलिस ने लोगों से विश्वसनीय स्रोतों पर भरोसा करने को कहा
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कुलगाम में 11 नवंबर को हुए आतंकी हमले को लेकर इंटरनेट मीडिया पर झूठी और भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में बांडीपोरा पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
आरोपी ने फेसबुक पर एक पोस्ट के माध्यम से दावा किया था कि हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के तीन जवानों की मौत हो गई है। पुलिस ने इस खबर को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि इस तरह की भ्रामक सूचनाएं आम लोगों में डर और अफरातफरी का माहौल पैदा कर सकती हैं तथा क्षेत्र की शांति और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित कर सकती हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान बांडीपोरा जिले के गुंड डाचीना निवासी मोमिन-उल-इस्लाम पुत्र मोहम्मद मकबूल भट के रूप में हुई है। वह फेसबुक पर ‘बांडीपोरा वाला’ नाम से एक पेज संचालित कर रहा था। इसी पेज के माध्यम से उसने कुलगाम आतंकी हमले को लेकर यह भ्रामक दावा प्रसारित किया था कि हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान मारे गए हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यह मामला बांडीपोरा पुलिस स्टेशन के संज्ञान में आने के बाद जांच शुरू की गई। जांच के दौरान फेसबुक पेज संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही फेसबुक पेज से भ्रामक सामग्री को भी हटा दिया गया है।
इस बीच, बांडीपोरा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें और न ही उसे इंटरनेट मीडिया पर साझा करें।
पुलिस ने नागरिकों को सलाह दी है कि किसी भी घटना से संबंधित जानकारी के लिए केवल आधिकारिक और विश्वसनीय स्रोतों पर ही भरोसा करें। पुलिस ने चेताया कि बिना पुष्टि के झूठी खबरें फैलाने से आम लोगों में भय पैदा हो सकता है और शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका रहती है।