Kathua Cloudburst: कठुआ तबाही पर राजनेताओं ने जताया दुख, प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है सरकार
कठुआ में बादल फटने और भूस्खलन से हुई मौतों पर कई नेताओं और मंत्रियों ने दुख जताया है। जल शक्ति मंत्री जावेद अहमद राणा और खाद्य मंत्री सतीश शर्मा ने प्रभावित परिवारों को सहायता का आश्वासन दिया। स्वास्थ्य मंत्री सकीना इटू ने इसे हृदयविदारक त्रासदी बताया। पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने भी शोक व्यक्त किया और प्रशासन से मदद की अपील की।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। कठुआ में बादल फटने और भूस्खलन के कारण हुई मौतों पर कई राजनीतिक दलों के नेताओं व मंत्रियों ने दुख व्यक्त किया है और मारे गए बच्चों व अन्य की आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना की।
जल शक्ति मंत्री जावेद अहमद राणा ने कठुआ के जंगलोट, जुथाना और घट्टी सहित कई इलाकों में भारी बारिश और भूस्खलन से हुई जान-माल की हानि और विनाश पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की। राणा ने लोगों को आश्वासन दिया कि सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री सतीश शर्मा ने हादसे में मारे गए लोगों और कई अन्य के घायल होने पर गहरा दुख व्यक्त किया है। अपने संदेश में मंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
उन्होंने आश्वासन दिया कि इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन को सभी प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और पुनर्वास सुनिश्चित करने के लिए तत्काल बचाव, राहत और निकासी उपाय करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सकीना इटू ने कठुआ में बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं में कई लोगों की मौत और घायल होने पर गहरा दुख व्यक्त किया। मंत्री ने कहा कि इस हृदय विदारक त्रासदी ने जम्मू-कश्मीर की हर जागरूक आत्मा को झकझोर दिया है और कई परिवारों को उजड़ने पर मजबूर कर दिया है।
उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की और इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति और साहस प्रदान करने की प्रार्थना की। पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने भी रविवार को कठुआ जिले में बादल फटने से हुए जान-माल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया।
एक्स पर एक पोस्ट में पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने लिखा कि कठुआ में बादल फटने की दुखद घटना से बहुत दुख हुआ है जिसमें कई लोगों की जान चली गई और कई घायल हो गए।
शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना। मैं प्रशासन से प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने का आग्रह करता हूं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।