विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'लोगों से भरी बस को निशाना बनाना गलत', हरियाणा में कश्मीरी बस पर पथराव का मामला गरमाया; नेताओं ने की कड़ी निंदा

By Naveen NawaazEdited By: Hema Sharma
Published: Sun, 18 Oct 2026 02:25 PM (IST)

हरियाणा में दिल्ली से श्रीनगर जा रही एक कश्मीरी बस पर पथराव की घटना की जम्मू-कश्मीर में व्यापक निंदा हुई है, जिसमें एक बुजुर्ग यात्री घायल हो गया।

उमर अब्दुल्ला, मीरवाइज, परा, सज्जाद लोन और भाजपा समेत कई नेताओं ने की निंदा।

उमर अब्दुल्ला, मीरवाइज, परा, सज्जाद लोन और भाजपा समेत कई नेताओं ने की निंदा।


HighLights

  1. हरियाणा में कश्मीरी बस पर पथराव की घटना

  2. उमर अब्दुल्ला सहित नेताओं ने की कड़ी निंदा

  3. दोषियों की पहचान और सख्त कार्रवाई की मांग

राज्य ब्यूरो, जम्मू। हरियाणा में दिल्ली से श्रीनगर जा रही यात्री बस पर कथित पथराव की घटना की जम्मू-कश्मीर में व्यापक निंदा हुई है। हमले में एक बुजुर्ग कश्मीरी यात्री के घायल होने की खबर है।

बस में करीब 40 यात्री सवार थे। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, धार्मिक हस्तियों और परिवहन संगठनों ने घटना पर चिंता जताते हुए आरोपितों की पहचान, निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, कश्मीर की कंपनी स्टार वर्ल्ड वेंचर्स द्वारा संचालित बस दिल्ली से श्रीनगर जा रही थी। शनिवार रात करीब 10:45 बजे हरियाणा के करनाल क्षेत्र में डिवाइन स्टार ढाबा के पास कुछ अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर बस को निशाना बनाया।

आरोप है कि पहले चालक के साथ गाली-गलौज की गई और फिर पत्थर तथा ईंटें फेंकी गईं, जिससे बस की खिड़कियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के दौरान एक बुजुर्ग कश्मीरी यात्री घायल हो गया।

उमर अब्दुल्ला ने हरियाणा सरकार से उठाया मामला

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पुलिस से आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की।

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा का मुद्दा हरियाणा सरकार के समक्ष उठाया गया है। हरियाणा प्रशासन ने कानून के तहत शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है। जम्मू-कश्मीर सरकार प्रभावित यात्रियों के संपर्क में है और मामले पर नजर रख रही है।

नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रवक्ता इमरान नबी डार ने घटना को कथित तौर पर नफरत से प्रेरित हमला बताते हुए हरियाणा पुलिस से तत्काल संज्ञान लेने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

परा और सज्जाद लोन ने की कार्रवाई की मांग

पीडीपी नेता वहीद परा ने कहा कि दिल्ली-श्रीनगर स्लीपर बस को उस समय ईंटों से निशाना बनाया गया, जब यात्री सो रहे थे। उन्होंने एक बुजुर्ग यात्री के घायल होने पर चिंता जताई और आरोप लगाया कि कुछ रिपोर्टों में हमलावरों के बजाय यात्रियों को पुलिस द्वारा निशाना बनाए जाने की बात कही गई है। परा ने आरोपितों की गिरफ्तारी और पूरे मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।

जम्मू-कश्मीर पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद गनी लोन ने भी हमले की निंदा करते हुए कहा कि आम नागरिकों को ले जा रहे वाहन को निशाना बनाना और बुजुर्ग यात्री को घायल करना गंभीर मामला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा दिलाएगा।

नेशनल कॉन्फ्रेंस के राज्यसभा सदस्य चौधरी रमजान ने भी पथराव को अस्वीकार्य बताते हुए हरियाणा पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को उसके मूल स्थान या पहचान के आधार पर निशाना बनाना अथवा डराना बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

मीरवाइज और ग्रैंड मुफ्ती ने जताई चिंता

मीरवाइज उमर फारूक ने कहा कि घटना में एक बुजुर्ग यात्री घायल हुआ, जबकि अन्य यात्रियों को भी मानसिक आघात पहुंचा। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पंजीकरण नंबर वाले वाहनों को धमकियां दिए जाने की खबरों पर चिंता जताते हुए कश्मीरी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।

जम्मू-कश्मीर के ग्रैंड मुफ्ती नासिर-उल-इस्लाम फारूकी ने हरियाणा सरकार से घटना की त्वरित और निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने की मांग की।

भाजपा ने भी की कार्रवाई की मांग

जम्मू-कश्मीर में भाजपा प्रवक्ता जोरावर सिंह जम्वाल ने घटना को कानून-व्यवस्था से जुड़ा मामला बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से जम्मू-कश्मीर में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की।

WhatsApp Image 2026-10-18 at 11.55.34 AM

नासिर खुहेहामी ने उठाए कश्मीरियों की सुरक्षा पर सवाल

जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय संयोजक नासिर खुहेहामी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर घटना की निंदा करते हुए दावा किया कि बस पर कथित तौर पर कुछ कट्टरपंथी और दक्षिणपंथी तत्वों ने हमला किया। उन्होंने कहा कि बस की खिड़कियां और पिछली लाइटें क्षतिग्रस्त हो गईं तथा स्लीपर डिब्बों में टूटे शीशे बिखर गए।

खुहेहामी के अनुसार, घटना के बाद एक कश्मीरी यात्री को पुलिस ने करीब दो घंटे तक हिरासत में रखा और बाद में छोड़ दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि हमले के शिकार यात्री को हिरासत में रखने का क्या कारण था और आरोपितों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई।

यह भी पढ़ें- श्रीनगर जा रही वोल्वो बस पर नीलोखेड़ी में पथराव: यात्री घायल, CM उमर अब्दुल्ला की हरियाणा सरकार से कार्रवाई की मांग

उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से आरोपितों की पहचान करने, उचित धाराओं में मामला दर्ज करने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की।

खुहेहामी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर का पंजीकरण नंबर होने के कारण किसी यात्री को अपनी सुरक्षा को लेकर भयभीत नहीं होना चाहिए। देश के प्रत्येक नागरिक को बिना किसी डर के यात्रा करने, रोजगार पाने और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार है।

उन्होंने कहा कि कश्मीरियों के प्रति नफरत को सामान्य नहीं माना जा सकता। देश की एकता केवल नारों से नहीं, बल्कि नागरिकों के साथ समानता और सम्मानपूर्ण व्यवहार से मजबूत होती है। कश्मीरियों की सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

परिवहन संगठनों ने मांगी निष्पक्ष जांच

कश्मीर ट्रांसपोर्टर्स फेडरेशन के अध्यक्ष मीर मोहम्मद शफी ने भी घटना की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि इस घटना से परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोग चिंतित हैं। शफी ने हरियाणा और दिल्ली सरकारों से कश्मीरी परिवहन संचालकों तथा यात्रियों की सुरक्षा संबंधी चिंताओं का समाधान करने की अपील की।

यह भी पढ़ें- जम्मू में सेना अधिकारी की पत्नी पर चीन के लिए जासूसी का आरोप, गोपनीय दस्तावेज भेजने का शक; FIR दर्ज