विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू में सेना अधिकारी की पत्नी पर चीन के लिए जासूसी का आरोप, गोपनीय दस्तावेज भेजने का शक; FIR दर्ज

By दिनेश महाजनEdited By: Hema Sharma
Published: Sun, 18 Oct 2026 12:06 PM (IST)

जम्मू में सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी की पत्नी पर चीन सहित विदेशी खुफिया एजेंसियों के लिए जासूसी करने का ...और पढ़ें

सेना अधिकारी की पत्नी पर चीनी स्पाइंग का आरोप।

 सेना अधिकारी की पत्नी पर चीनी स्पाइंग का आरोप।

HighLights

  1. सेना के अफसर की पत्नी पर जासूसी का आरोप

  2. चीन सहित विदेशी एजेंसियों को गोपनीय जानकारी भेजने का शक

  3. जम्मू के गांधी नगर थाने में FIR दर्ज, जांच जारी

जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू में सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी की पत्नी के खिलाफ विदेशी खुफिया एजेंसियों से संपर्क रखने और देश की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा करने के आरोप में जम्मू के गांधी नगर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।

आरोपित महिला की पहचान तेलंगाना के सिकंदराबाद निवासी पलपार्थी नागा अनघा लक्ष्मी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, महिला सतवारी सैन्य क्षेत्र में आई हुई थी।

गांधी नगर थाने में दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने इस मामले में गांधी नगर थाने में आफिशियल सीक्रेट्स एक्ट, डिजिटल/इलेक्ट्रानिक माध्यम से देश की महत्वपूर्ण जानकारी लीक करने, षड्यंत्र में शामिल होने का मामला दर्ज किया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, एक विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद महिला की गतिविधियां संदेह के घेरे में आईं। आरोप है कि वह देश की सुरक्षा से संबंधित संवेदनशील दस्तावेज, तस्वीरें और इलेक्ट्रानिक डाटा एकत्र करने, अपने पास रखने और उन्हें आगे भेजने में शामिल थी।

विदेशों में जानकारी पहुंचाने का शक

संदेह जताया गया है कि यह जानकारी एन्क्रिप्टेड संचार (आन लाइन) माध्यमों के जरिए चीन सहित अन्य विदेशी देशों से जुड़ी खुफिया एजेंसियों के लोगों तक पहुंचाई जा रही थी।

हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कौन से दस्तावेज या जानकारियां साझा की गईं, विदेशी संपर्कों की पहचान क्या है और कितनी जानकारी स्थानांतरित की गई। इस मामले में किसी विदेशी खुफिया नेटवर्क की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

महिला पर लगे आरोपों की हो रही जांच

जम्मू-कश्मीर की रणनीतिक संवेदनशीलता को देखते हुए यह मामला सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि क्या आरोपित ने किसी गोपनीय दस्तावेज या इलेक्ट्रानिक रिकार्ड तक पहुंच बनाई थी और क्या वास्तव में कोई संवेदनशील जानकारी विदेशी एजेंसियों तक पहुंचाई गई।

पुलिस ने अभी तक बरामदगी, तलाशी या गिरफ्तारी को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। फिलहाल महिला पर लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- जम्मू में बिना पुलिस वेरिफिकेशन दिया मकान तो खैर नहीं, रिहाड़ी में मकान मालिक पर FIR दर्ज