Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बाढ़-भूस्खलन के बीच कश्मीर का सड़क संपर्क कटा, बीच रास्ते में फंसे 100 लोग; हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू जारी

    Updated: Wed, 03 Sep 2025 11:51 PM (IST)

    जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और बाढ़ से तबाही मची है। जम्मू-श्रीनगर हाईवे सहित कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं जिससे कश्मीर का सड़क संपर्क कट गया है। चिनाब और झेलम नदियाँ खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बाढ़ में फंसे 100 से ज्यादा लोगों को हेलीकॉप्टर से बचाया गया। मकान ढहने से मां-बेटी समेत चार लोगों की मौत हो गई है।

    Hero Image
    बाढ़-भूस्खलन के बीच कश्मीर का सड़क संपर्क कटा (फोटो जागरण संवाददाता- साहिल मीर)

    जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में बुधवार को भारी वर्षा, बाढ़ और भूस्खलन से भारी तबाही हुई। जम्मू-श्रीनगर हाईवे सहित कई सड़कें जगह-जगह बह गईं, पुल क्षतिग्रस्त हो गए और सैकड़ों मकान ढह गए।

    जम्मू-श्रीनगर हाईवे, मुगल रोड और किश्तवाड़ सिंथनटान-अनंतनाग मार्ग बंद होने से कश्मीर का सड़क संपर्क पूरी तरह कट गया है।

    जम्मू के गड़खाल में चिनाब नदी के अलावा पुलवामा और कुलगाम में बाढ़ में फंसे 100 से ज्यादा लोगों को सेना, सुरक्षाबल व एसडीआरएफ ने हेलिकॉप्टर की मदद से सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया।

    नदियां उफान पर हैं

    सांबा जिला में एक पहाड़ी गांव में गर्भवती महिला को भी सेना ने एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया। जम्मू संभाग के सभी 10 जिलों के साथ दक्षिण कश्मीर के तीन जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी रही।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जम्मू संभाग में लगातार दूसरे दिन भारी वर्षा के बीच तवी नदी उफान पर रही। शहर के कालीजनी क्षेत्र में एक मकान गिर गया।

    पुलिस व प्रशासन की टीम ने घर के रोशनदान से परिवार के तीन सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। जम्मू के अखनूर में चिनाब का जलस्तर 43 फीट पर पहुंच गया, यहां 35 फीट पर खतरे का अलर्ट है। इस दौरान गड़खाल में 20 मकान ढह गए या बाढ़ में बह गए। इससे करीब 45 लोग फंस गए। सेना ने हेलीकाप्टर से सभी को सुरक्षित निकाल लिया।

    मकान ढहने से मां-बेटी की मौत

    इसके अलावा ऊधमपुर, कठुआ, राजौरी, पुंछ जिलों में भी कई कच्चे मकान ढहने के साथ कई संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। वहीं, राजौरी के सुंदरबनी क्षेत्र में मकान ढहने से मां-बेटी की मौत हो गई। जम्मू के बन तालाब क्षेत्र में नाले में एक वाहन बहने से चालक की जान चली गई। जम्मू के नगरोटा में बाढ़ के पानी में बहने से एक बच्चे की मौत हो गई। जम्मू संभाग में स्कूल व कालेज शुक्रवार तक बंद रखने का फैसला लिया गया है।

    मां वैष्णो देवी के भवन के निकट भूस्खलन

    कटड़ा में मां वैष्णो देवी के भवन के निकट डावा क्षेत्र में भूस्खलन हुआ। इससे टीन शेड, पंडितों के घरों और कुछ देव स्थलों को नुकसान पहुंचा। माता वैष्णो देवी की यात्रा नौ दिन से बंद है।

    जम्मू-बजालता रेल सेक्शन में रेलवे ट्रैक पर मलबा भर जाने से जम्मू से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा रेल ट्रैक पर यातायात बाधित रहा।

    कश्मीर में कई क्षेत्रों में बाढ़

    कश्मीर के पुलवामा, अनंतनाग व कुलगाम में बाढ़ में जगह-जगह फंसे करीब 60 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। वहीं, श्रीनगर के कुछ निचले क्षेत्रों में भी पानी घुस जाने से क्षेत्र जलमग्न रहे। झेलम नदी का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है।

    उत्तराखंड में भूस्खलन से 380 से अधिक सड़कें अवरुद्ध

    उत्तराखंड में भूस्खलन से 380 से अधिक सड़कें अवरुद्ध हैं। कई गांवों का संपर्क कटा है। गंगा समेत प्रमुख नदियां उफान पर हैं। बिजली व पेयजल योजनाओं को नुकसान पहुंचा है। भारी वर्षा के अलर्ट के चलते छह जिलों के स्कूलों में बुधवार को अवकाश रहा।

    comedy show banner
    comedy show banner