विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 10, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जम्मू के बिश्नाह में नकाबपोश बदमाशों ने पत्रकार पर किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर

By Jagran NewsEdited By: Rajat Mourya
Published: Wed, 10 May 2023 12:15 PM (IST)

घायल के साथी रोहित कुमार ने शोर मचाकर लोगों को इकट्ठा किया और घायल नीटू शर्मा को बिश्नाह के उप ...और पढ़ें

नकाबपोश बदमाशों ने पत्रकार पर किया जानलेवा हमला
नकाबपोश बदमाशों ने पत्रकार पर किया जानलेवा हमला

बिश्नाह/जम्मू, जागरण संवाददाता। लोकतंत्र का चौथा स्तंभ भी अब सुरक्षित नहीं रहा है। खबरों की कड़वी सच्चाई से परेशान अपराधी अब पत्रकारों पर हमला करने से भी नहीं कतरा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला मंगलवार देर रात जम्मू के बिश्नाह क्षेत्र में सामने आया जहां कुछ नकाबपोश युवाओं ने एक न्यूज पोर्टल के पत्रकार नीटू शर्मा पर जानलेवा हमला करते हुए उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घायल पत्रकार को पहले बिश्नाह के उप-जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे जम्मू के राजकीय गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शिफ्ट किया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। नीटू शर्मा पुत्र तरसेम लाल निवासी वार्ड नंबर 9 बिश्नाह पर तेजधार हथियारों से हमला किया गया और हमलावर उसे गंभीर रूप से घायल करके मौके से फरार हो गए।

शोर मचाकर लोगों को किया इकट्ठा

घायल के साथी रोहित कुमार ने शोर मचाकर लोगों को इकट्ठा किया और घायल नीटू शर्मा को बिश्नाह के उप जिला अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया। रोहित कुमार इस हमले का चश्मदीद गवाह है। घटना की जानकारी मिलते ही बिश्नाह पुलिस थाना प्रभारी विक्रम शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल के बयान व चश्मदीद के बयान दर्ज कर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पहले गाड़ी आगे लगाई, फिर तेजधार हथियारों से किया हमला

रोहित कुमार ने बताया कि मंगलवार रात करीब दस बजे के आसपास वह और नीटू कुमार अपनी गाड़ी में गांव चक बाना की तरफ जा रहे थे। तभी एक ऑल्टो कार में बैठे चार नकाबपोश हमलावरों ने अपनी गाड़ी को उनकी गाड़ी के आगे लगाया और सीधा लाठियों व तेजधार हथियारों से नीटू शर्मा पर हमला कर दिया।

रोहित ने कहा कि वह किसी तरह से जान बचाकर भागा और जब हमलावर नीटू को तड़पता छोड़ कर भाग गए तो वो नीटू को घायल अवस्था में उठाकर अस्पताल लाया। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया, ताकि हमलावर लोगों का कुछ सुराग मिल सके।