जम्मू नगर निगम ही बिगाड़ रहा स्मार्ट सिटी की तस्वीर, फिर आम जनता से कैसे रखे उम्मीद
गांधीनगर ग्रीन बेल्ट पार्क रोड के किनारे फुटपाथों पर लगे डस्टबिन भी कूड़े से भरे पड़े हैं। इन्हें खाली करवाने में कोई रुचि नहीं दिखाई जा रही। अप्सरा रोड पर भी स्टील के डस्टबिन लगे हैं लेकिन इन्हें कभी-कभार ही खाली किया जा रहा है। बाहुफोर्ट में बावे माता मंदिर से नरवाल बाईपास तक छह डस्टबिन हफ्तों से भरे पड़े हैं।

जागरण संवाददाता, जम्मू। शहर भर में बने फुटपाथ इन दिनों नगर निगम की अनदेखी के चलते राहगीरों को नाक पर रूमाल रखने को मजबूर होना पड़ रहा है। इनमें लगे अधिकतर कूड़ेदान कचरे से भरे रहते हैं और इन्हें रूटीन में खाली नहीं किया जाता। बरसात शुरू होने के कारण पानी लगने से इनमें पड़ा कचरा बदबू मार रहा है। राहगीर परेशान हैं।
बाहुफोर्ट में बावे माता मंदिर से लेकर नरवाल बाईपास तक छह कूड़ेदान हफ्तों से भरे पड़े हैं। कासिम नगर से बाहुफोर्ट तक लगे कूड़ेदानों का भी है। यहीं बस नहीं गांधीनगर ग्रीन बेल्ट पार्क मार्ग किनारे फुटपाथ पर लगे कूड़ेदान भी कचरे से भरे पड़े हैं। इन्हें खाली करवाने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई जा रही।
अप्सरा रोड पर भी स्टील के कूड़ेेदान लगे हैं लेकिन इन्हें कभी-कभार जरूर खाली कर दिया जा रहा है। रेलवे रोड पर पिछले कुछ दिनों से साफ-सफाई शुरू हुई है। पहले यहां भी यही हाल है। इसके अलावा छन्नी हिम्मत में फुटपाथों पर भी गंदगी के ढेर लगे पड़े हैं। जम्मू शहर में फुटपाथों पर करीब सवा सौ कूड़ेदान लगे हुए हैं।
क्या कहते हैं लोग
‘फुटपाथ बनाकर इनमें कूड़ेदान लगाए गए हैं। बहुत अच्छा कदम है। अब इनकी साफ-सफाई भी तो रूटीन में होनी चाहिए। ऐसा हो नहीं रहा। कई-कई दिन कूड़ेदान में कचरा भरा रहता है जाे आसपास गिरकर सबका मुंह चिढ़ाता है।’ -स्वर्ण सिंह, निवासी गंग्याल
‘स्टील के कूड़ेदान स्मार्ट सिटी की ओर से जब लगाए गए थे तो कुछ दिन ठीक रहा। अब कई कूड़ेदान टूट चुके हैं और जो बचे भी हैं, उन्हें भी काेई साफ नहीं कर रहा। इनमें कूड़ा भर रह रहा है।’ -राशु कौल, निवासी बाहुफाेर्ट
‘बारिशें शुरू हो चुकी हैं। कचरे में जब पानी मिलता है तो इसमें बदबू उठना शुरू हो जाती है। आजकल अमरनाथ यात्रा चल रही है। इस ओर ध्यान दिया जाना चाहिए। इससे शहर की खूबसूरती को ग्रहण लग रहा है।’ -सुरेंद्र सिंह शान, निवासी भद्रवाह
‘कुछ स्थानों पर कूड़े के ढेर लगाए जाते हैं। उन स्थानों पर भी अच्छे से सफाई हो। फुटपाथों पर कूड़ेदान अक्सर कचरे से भरे पड़े हैं। गांधीनगर समेत अन्य इलाकों में भी यही हाल है। फुटपाथों पर चलने वाले परेशान हैं।’ -आरती कल्सी, निवासी त्रिकुटा नगर
क्या कहते हैं अधिकारी
‘यूं तो रूटीन में कूड़ेदान खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। कुछ स्थानों पर ऐसा नहीं हो रहा होगा। संबंधित सेनिटरी इंस्पेक्टरों को निर्देश दिए जाएंगे कि वे बिना देरी सभी कूड़ेदानों को खाली करवाएं तथा रोजाना ही इन्हें खाली करवाने की व्यवस्था रहेगी। आसपास के लोग नजर रखें और नगर निगम कर्मचारियों, संबंधित अधिकारियों को भी सूचित करें।’ -डा. विनोद शर्मा, हेल्थ आफिसर, जम्मू नगर निगम
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।