Jammu Kashmir Weather: वैष्णो देवी धाम पर 40 डिग्री पार तापमान, 13 जून तक राहत की उम्मीद नहीं; अभी और बढ़ेगी गर्मी
Jammu Kashmir Weather Today जम्मू-कश्मीर में गर्मी का प्रकोप जारी है जम्मू संभाग के पांच जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। जम्मू में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री तक पहुंच गया जबकि सांबा में 46.8 डिग्री रहा। श्रीनगर में भी तापमान सामान्य से अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार 13 जून से मौसम में बदलाव की संभावना है।

जागरण संवाददात, जम्मू। पहाड़ी प्रदेश जम्मू-कश्मीर में भी गर्मी अपने चरम पर है। जम्मू संभाग के पांच जिलों में अधिकतम तापमान लगातार 40 डिग्री से अधिक बना हुआ है।
जम्मू में बुधवार को दूसरे दिन भी अधिकतप तापमान 44.4 डिग्री, सांबा में 46.8, उधमपुर में 42.4, रामबन में 41.9 व राजौरी में 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, श्रीनगर में अधिकतम पारा 33.9 व न्यूनतम 17.6 डिग्री रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, 13 जून से मौसम में हल्के परिवर्तन के साथ कहीं-कहीं वर्षा व हवाएं चलने की संभावना है। बुधवार को भी पूरे प्रदेश के सभी शहरों का तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा।
जम्मू में लू का प्रकोप इस कदर बना हुआ है कि सुबह से ही तपिश बेहाल करने लगी थी और देर शाम तक गर्म हवा के थपेड़े परेशान करते रहे। दिन में शहर में आघोषित कर्फ्यू जैसे हालात रहने लगे हैं। जिला सांबा के लोगों के लिए राहत की बात यह है कि रात का तापमान सामान्य बना हुआ है। न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री दर्ज किया।
जम्मू में तापमान पहुंचा 44 डिग्री पार
जम्मू का अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री रहा। जिला डोडा भी गर्म रहा। अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री तक पहुंच गया। रियासी का अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री तक पहुंच गया। कटड़ा का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री दर्ज किया। कश्मीर में भी तापमान काफी ज्यादा रहा।
अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री दर्ज किया, जो सामान्य से 5.5 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बनिहाल का अधिकतम तापमान 33.6, बटोत का अधिकतम 33.3 डिग्री सेल्सियस, माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस रहा। भद्रवाह का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री तो कठुआ का अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अगले दो दिन तक लू का प्रकोप
मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीननगर के अनुसार अभी अगले दो दिनों तक लू का प्रकोप बना रहेगा और तापमान 40 डिग्री से ऊपर ही रहने वाला है।13-14 जून को कई स्थानों पर बादल छाएंगे और गर्ज के साथ वर्षा हो सकती है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। कश्मीर का तापमान भी सामान्य से ऊपर चल रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।