जम्मू-कश्मीर: नेशनल कॉन्फ्रेंस में सुलग रही अंतर्कलह की चिंगारी, अभी भी नाराज हैं विधायक; मंत्रियों के दौरों से बना रहे दूरी
नेशनल कॉन्फ्रेंस में आंतरिक कलह अभी भी सुलग रही है, जहां असंतुष्ट विधायक मंत्रियों के कार्यक्रमों से दूरी बनाए हुए हैं।

जम्मू-कश्मीर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला (फाइल फोटो)
HighLights
असंतुष्ट विधायक मंत्रियों के स्वागत समारोहों से रहे अनुपस्थित
केसर किसानों की अनदेखी पर 'जश्न-ए-केसर' की आलोचना
पार्टी नेतृत्व के लिए आंतरिक कलह सुलझाना बड़ी चुनौती
राज्य ब्यूरो, जम्मू। सत्तारुढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस में बगावत की जिस चिंगारी के फिलहाल बुझने का दावा किया जा रहा है, वह अभी भी सुलग रही है। सोमवार को उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में मंत्री मीर सैफुल्ला के स्वागत समारोह में दो विधायक कैसर जमशेद लोन और जावेद अहमद मिरचल शामिल नहीं हुए, हालांकि दोनों ने संपर्क करने पर कहा कि वे अपनी व्यस्तताओं के चलते नहीं पहुंच पाए।
वहीं, गत रविवार को भी पांपोर में वित्त एवं कृषि मंत्री जावेद अहमद डार के समारोह में भी स्थानीय विधायक हसनैन मसूदी ने दूरी बनाए रखी थी।
यही नहीं हसनैन मसूदी ने जश्न-ए-केसर के आयोजन के लिए भी सरकार की आलोचना की और कहा कि चुनावी वादे पूरे करने में असमर्थ सरकार द्वारा केसर की घटती पैदावार के बावजूद जश्न-ए-केसर का आयोजन किया जा रहा है। यह तो परेशान किसानों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा ही है।
27 अक्टूबर को मीर को बनाया मंत्री
उल्लेखनीय है कि मीर सैफुल्ला को गत 27 अक्टूबर को ही मंत्री बनाया गया है जबकि कैसर जमशेद लोन, जावेद अहमद मिरचल और हसनैन मसूदी असंतुष्ट विधायकों के खेमे से हैं।
कैसर जमशेद लोन जिला कुपवाड़ा में लोलाब और जावेद अहमद मिरचल करनाह विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं। गत सप्ताह डॉ. फारूक अब्दुल्ला और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के साथ बैठक में जिन असंतुष्ट विधायकों ने सबसे ज्यादा मुखरता से अपनी बात रखी थी, उनमें कैसर जमशीद लोन और हसनैन मसूदी भी शामिल थे।
उमर अब्दुल्ला पर किसानों की अनदेखी का आरोप
हसनैन मसूदी पांपोर का प्रतिनिधित्व करते हैं। मसूदी ने केसर की खेती में लगातार गिरावट के विरोध में 'जश्न-ए-केसर' समारोह का बहिष्कार किया। उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और कृषि विभाग पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया।
मसूदी के अनुसार 30 हजार कनाल से अधिक जमीन पर खेती के बावजूद पिछले साल केसर उत्पादन घटकर महज पांच फीसदी रह गया। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में मुख्यमंत्री से कई बार केसर की खेती के पुनरुद्धार की मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। राष्ट्रीय केसर मिशन के तहत 411 करोड़ रुपये खर्च कर 138 बोरवेल बनाए गए, लेकिन एक भी चालू नहीं है।
उन्होंने कहा कि मैं किसानों के साथ हो रहे अन्याय, उनके साथ मजाक का हिस्सा नहीं वन सकता हूं। कश्मीर मामलों के जानकार बिलाल वशीर ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस में अंतर्कलह गहरा चुकी है।
पार्टी नेतृत्व ने फिलहाल के लिए संकट टला है जिस तरह से कुपवाड़ा और पांपोर में आयोजित मंत्रियों के समारोह में स्थानीय विधायकों ने दूरी बनाई, उससे पता चलता है कि नाराजगी दूर नहीं हुई है।
इसे यूं कहा जाए कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन तनावपूर्ण भी। इससे आगामी समय में मुख्यमंत्री को सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पार्टी नेतृत्व को कायम रखने पर काम करना होगा।
यह भी पढ़ें- जम्मू की सबसे बड़ी अनाज मंडी में भीषण आग से 10 गोदाम राख, कांग्रेस समेत कई नेताओं ने उठाई जांच की मांग
यह भी पढ़ें- कश्मीर में कब आएगा 10वीं-12वीं का रिजल्ट? जनवरी के दूसरे हफ्ते में आ सकते नतीजे, मुफ्त किताबों पर भी अपडेट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।