विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कश्मीर में कब आएगा 10वीं-12वीं का रिजल्ट? जनवरी के दूसरे हफ्ते में आ सकते नतीजे, मुफ्त किताबों पर भी अपडेट

Published: Mon, 09 Nov 2026 07:02 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड 10वीं, 11वीं और 12वीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा परिणाम जनवरी के दूसरे सप्ताह तक, संभवतः 10 जनवरी तक घोषित करने की तैयारी में है।

कश्मीर में जनवरी में आएगा 10वीं-12वीं का रिजल्ट। (AI Generated)

कश्मीर में जनवरी में आएगा 10वीं-12वीं का रिजल्ट। (AI Generated)

HighLights

  1. 10वीं, 11वीं, 12वीं के परिणाम जनवरी दूसरे सप्ताह तक।

  2. बोर्ड का लक्ष्य 10 जनवरी तक परिणाम जारी करना।

  3. 8.20 लाख छात्रों को मुफ्त किताबें मिलेंगी जल्द।

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। कश्मीर में 10वीं, 11वीं और 12वीं कक्षा की वार्षिक नियमित परीक्षाओं में शामिल हुए विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड ने संकेत दिए हैं कि तीनों कक्षाओं के परीक्षा परिणाम जनवरी के दूसरे सप्ताह तक घोषित करने का प्रयास किया जा रहा है। बोर्ड की कोशिश है कि 10 जनवरी तक परिणाम जारी कर दिए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई की योजना बनाने में आसानी हो।

बोर्ड के चेयरमैन गुलाम हसन शेख ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में बताया कि वार्षिक परीक्षाएं सुचारू रूप से चल रही हैं। अगले दो सप्ताह में परीक्षाएं संपन्न होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि बोर्ड की प्राथमिकता तीनों कक्षाओं के परिणाम जल्द तैयार कर घोषित करना है। हालांकि, 10 जनवरी तक रिजल्ट जारी करना बोर्ड का लक्ष्य है, न कि घोषित परिणाम की निश्चित तारीख।

बोर्ड ने बताई किताबें पहुंचाने की डेडलाइन

परीक्षा परिणामों के साथ ही बोर्ड ने पाठ्यपुस्तकों के वितरण को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। चेयरमैन के मुताबिक, सरकारी व्यवस्था के तहत पात्र विद्यार्थियों को मुफ्त पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए शैक्षणिक जोन तक किताबें पहुंचाने की प्रक्रिया अगले 8 से 10 दिनों में पूरी कर ली जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बोर्ड किताबें संबंधित जोनल एजुकेशन ऑफिस तक पहुंचाता है, जबकि इसके बाद पात्र विद्यार्थियों तक किताबें वितरित करने की जिम्मेदारी स्कूल शिक्षा निदेशालय की होती है।

पहली से आठवीं तक के छात्रों को मिलेगा लाभ

इस योजना के तहत पहली से आठवीं कक्षा तक के कुल 8.20 लाख विद्यार्थी पात्र हैं। इनमें कश्मीर संभाग के 3.31 लाख विद्यार्थी शामिल हैं। चेयरमैन ने बताया कि कई वर्षों बाद पहली बार शैक्षणिक सत्र के साथ ही मुफ्त किताबों के वितरण की प्रक्रिया शुरू की गई है।

बोर्ड ने जोनल अधिकारियों को बाकायदा वितरण कार्यक्रम सौंपा है और निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय-सारिणी पर नजर रखी जाए, ताकि किताबें समय पर संबंधित शिक्षा जोन तक पहुंच सकें। अब विद्यार्थियों और अभिभावकों को परीक्षा परिणाम के साथ-साथ नई पुस्तकों के समय पर वितरण का इंतजार है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।