जम्मू एयरपोर्ट पर कोहरे में नहीं भटकेंगी उड़ानें, 550 मीटर विजिबिलिटी में भी उतरेंगे विमान; 80 फीसदी घटेगा डायवर्जन
जम्मू एयरपोर्ट पर इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS) को कैटेगरी-दो में अपग्रेड किया गया है, जिससे अब 550 मीटर की दृश्यता में भी विमानों की सुरक्षित लैंडिंग संभव होगी।

एयरपोर्ट पर कोहरे में खड़े विमान (जागरण आर्काइव)
HighLights
जम्मू एयरपोर्ट ILS कैटेगरी-दो में अपग्रेड हुआ
अब 550 मीटर दृश्यता में भी विमान लैंडिंग संभव
कोहरे में उड़ानों का डायवर्जन 80% घटेगा
सुरेंद्र सिंह, जम्मू। सर्दियों में कोहरे और कम दृश्यता के कारण जम्मू एयरपोर्ट पर विमानों की लैंडिंग प्रभावित होने और उन्हें दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट करने की समस्या से अब काफी हद तक निजात मिलेगी।
जम्मू एयरपोर्ट पर इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आइएलएस) को अपग्रेड कर कैटेगरी-दो में विकसित किया गया है। इसके चालू होने से अब 550 मीटर तक की दृश्यता में भी निर्धारित तकनीकी और परिचालन मानकों के तहत विमानों की सुरक्षित लैंडिंग संभव हो सकेगी। इससे कोहरे में उड़ानों के डायवर्जन में 80 प्रतिशत तक कमी आने की उम्मीद है।
जम्मू एयरपोर्ट के निदेशक देवेंद्र यादव ने बताया कि पहले एयरपोर्ट पर आइएलएस कैटेगरी-एक काम कर रहा था, जिसके तहत 800 मीटर की दृश्यता में विमानों की लैंडिंग संभव थी। अब इसे अपग्रेड कर कैटेगरी-दो में परिवर्तित कर दिया गया है। इससे कम दृश्यता में भी विमानों को रनवे तक पहुंचने के लिए सटीक दिशा और ऊंचाई संबंधी मार्गदर्शन मिलेगा।
एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया की फ्लाइट इंस्पेक्शन यूनिट (एफआइयू) ने सिस्टम का ग्राउंड और एयर कैलिब्रेशन पूरा कर इसकी क्षमता की जांच की है।कैटेगरी-दो आइएलएस के शुरू होने से सर्दियों में कम दृश्यता के कारण विमानों को डायवर्ट करने की नौबत कम आएगी।
चार करोड़ रुपये आया खर्च
जम्मू एयरपोर्ट के लिए नया आइएलएस स्पेन की कंपनी इंड्रा से खरीदा गया। उपकरण और इसकी स्थापना पर करीब चार करोड़ रुपये खर्च हुए।
इससे पहले स्थापित आइएलएस नार्वे की कंपनी नोरमैक से खरीदा गया था। आइएलएस एक महत्वपूर्ण विमानन नेविगेशन प्रणाली है, जो लैंडिंग के दौरान पायलट को रनवे की दिशा और उतरने के सही कोण के संकेत देती है।
2021 में शुरू हुआ था कैटेगरी-एक सिस्टम
जम्मू एयरपोर्ट पर वर्ष 2019 में रनवे विस्तार कार्य के चलते पुराने आइएलएस को हटा दिया गया था। इसके बाद वर्ष 2021 में कैटेगरी-एक आइएलएस ने काम करना शुरू किया था। इस सिस्टम के तहत 800 मीटर की दृश्यता जरूरी थी। इससे कम दृश्यता होने पर विमानों की लैंडिंग प्रभावित होती थी और कई बार उन्हें डायवर्ट करना पड़ता था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।