विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू: बुजुर्गों का सहारा बनी बुढ़ापा पेंशन ही अटकी, 6 महीने से नहीं मिली; दवा और खर्च के लिए तरस रहे

Published: Tue, 24 Nov 2026 07:00 AM (IST)

जम्मू में हजारों बुजुर्गों को पिछले छह महीने से बुढ़ापा पेंशन न मिलने के कारण गंभीर आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। 

जम्मू में छह महीने से बुढ़ापा पेंशन बंद, बुजुर्ग दवा-खर्च के लिए परेशान।(AI Generated)

जम्मू में छह महीने से बुढ़ापा पेंशन बंद, बुजुर्ग दवा-खर्च के लिए परेशान।(AI Generated)

HighLights

  1. छह महीने से बुजुर्गों को नहीं मिली बुढ़ापा पेंशन।

  2. दवा और दैनिक खर्चों के लिए बुजुर्गों को भारी परेशानी।

  3. तकनीकी अड़चनों के कारण पेंशन भुगतान में देरी हो रही।

जागरण संवाददाता, जम्मू। जीवन के अंतिम पड़ाव में सरकारी सहारे की उम्मीद लगाए बैठे हजारों बुजुर्गों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछले करीब छह महीने से बुढ़ापा पेंशन जारी न होने के कारण बुजुर्गों को भारी आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है। हालात यह रहे कि त्योहारी सीजन में भी बुजुर्गों के हाथ खाली रहे और उनकी दीवाली फीकी बीती। दीवाली से पहले पेंशन जारी करने के जो आश्वासन दिए गए थे, वे भी पूरे नहीं हो सके। अब बेबस बुजुर्ग अपनी फरियाद लेकर पूर्व कारपोरेटरों, स्थानीय नेताओं और समाज कल्याण विभाग के दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।

जानकारी के अनुसार, एनएसएपी के तहत आने वाले लाभार्थियों का भुगतान पिछले कई महीनों से पिछड़ा हुआ है और सितंबर के बाद से स्थिति और गंभीर हो गई है।

देरी के पीछे प्रमुख रूप से नई डिजिटल भुगतान प्रणाली में डेटा स्थानांतरण, केंद्र व राज्य के फंड आवंटन की प्रक्रिया और लाभार्थियों के आधार सीडिं

ग व राशन कार्ड पुनर्सत्यापन जैसी तकनीकी अड़चनों को वजह बताया जा रहा है। इन प्रशासनिक औपचारिकताओं का सीधा खामियाजा उन बुजुर्गों को भुगतना पड़ रहा है, जिनकी दवा और रोजमर्रा के खर्च इसी एक हजार रुपये की पेंशन पर निर्भर हैं।

जम्मू संभाग में 72,000 एनएसएपी पेंशनधारक

जम्मू-कश्मीर में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं मुख्य रूप से केंद्र प्रायोजित राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम और प्रदेश की एकीकृत सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 10 लाख से अधिक लाभार्थी पंजीकृत हैं। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक अकेले जम्मू संभाग में एनएसएपी के तहत करीब 71,794 पेंशनधारक हैं, जिनमें से 67 हजार से अधिक केवल इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के लाभार्थी हैं।

इसके अलावा राज्य की आईएसएसएस योजना के तहत भी संभाग में 1.79 लाख से ज्यादा लाभार्थी शामिल हैं। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 60 से 79 वर्ष आयु वर्ग के पात्र बुजुर्गों को एक हजार रुपये प्रति माह की आर्थिक सहायता दी जाती है जिसमें 200 रुपये केंद्र और 800 रुपये प्रदेश सरकार का हिस्सा होता है।

क्या कहते हैं लोग?

तालाब तिल्लो निवासी बिशन दास ने बताया कि बुढ़ापा पेंशन ही हमारे बुढ़ापे का एकमात्र सहारा है। छह महीने से खाते में एक पैसा नहीं आया है। दवाइयों और घर के छोटे-मोटे खर्चों के लिए भी दूसरों का मुंह ताकना पड़ रहा है। दीवाली पर उम्मीद थी कि पैसा आएगा, लेकिन निराशा ही हाथ लगी।

पूरन नगर निवासी कमला देवी ने बताया कि हर बार यही सुनने को मिलता है कि जल्द पेंशन आ जाएगी, लेकिन महीने बीतते जा रहे हैं। इस उम्र में हम दफ्तरों और नेताओं के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। सरकार को हमारी परेशानी समझनी चाहिए।

वार्ड 31 पूर्व कारपोरेटर सुच्चा सिंह ने बताया कि लोग हमारे पास आ रहे हैं। बार-बार संबंधित अधिकारियों को बोला गया है, लेकिन हो कुछ नहीं रहा। सिर्फ आश्वासन मिल रहे हैं। बुजुर्गों को तो इस तरह तंग न किया जाए।

जम्मू पूर्व डिप्टी मेयर धर्मवीर सिंह ने बताया कि बुढ़ापा पेंशन का मतलब ही यही है कि बुजुर्गों को सहारा मिले। छह महीने से पेंशन नहीं मिल रही, बेचारे परेशान हैं और हमारे पास आ रहे हैं। संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में मामला लाया है। उम्मीद है कि जल्द पेंशन रिलीज होगी।

क्या कहते हैं अधिकारी

समाज कल्याण विभाग निदेशक रणजीत सिंह ने बताया कि कुछ तकनीकी परेशानियों के चलते पेंशन में देरी हो रही है। कोशिश करेंगे कि एक-दो किश्त पहले जारी कर दी जाएगी। विभाग इस समस्या के शीघ्र समाधान के लिए काम कर रहा है।'

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।