Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Jammu : सामूहिक प्रयास से ही भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ना संभव, भ्रष्टाचारियों के खिलाफ तुरंत करें शिकायत

    By Jagran NewsEdited By: Lokesh Chandra Mishra
    Updated: Fri, 04 Nov 2022 08:01 PM (IST)

    सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत शुक्रवार को एंटी करप्शन ब्यूरो की तरफ से ग्रामीण विकास विभाग के सभागार में शिविर लगाया गया। इसमें लोगों को भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए सामूहिक प्रयास पर जोर दिया गया। भ्रष्टाचार की तुरंत शिकायत करने की सलाह दी गई।

    Hero Image
    31 अक्टूबर से 6 नवंबर तक देशभर में जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है।

    आरएसपुरा, संवाद सहयोगी : देशभर में मनाए जा रहे सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत शुक्रवार को एंटी करप्शन ब्यूरो की तरफ से ग्रामीण विकास विभाग के सभागार में शिविर लगाया गया। इसमें लोगों को भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए सामूहिक प्रयास पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान एंटी करप्शन ब्यूरो के डीएसपी देवेंद्र सिंह व बीडीसी चेयरमैन तरसेम कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही भ्रष्टाचार को जड़ से समाप्त कर सकते हैं। इसलिए भ्रष्ट अधिकारियों ओर कर्मचािरयों की तुरंत शिकायत करें।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    एंटी करप्शन ब्यूरो के इंस्पेक्टर बिंदेश्वर सिंह ने बताया कि 31 अक्टूबर से 6 नवंबर तक देशभर में जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। उसी के तहत जम्मू कश्मीर में भी शिविर लगाकर लोगों को भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने तथा इसे खत्म करने के लिए जागरूक बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी अधिकारी या कर्मचारी भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहा है, तो इसकी शिकायत विजिलेंस से करें, ताकि उस अधिकारी एवं कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। डीएसपी देवेंद्र सिंह ने कहा कि हर साल सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जाता है। इसका उद्देश्य होता है कि लोगों को भ्रष्टाचार के प्रति ज्यादा से ज्यादा जागरूक बनाया जाए।

    उन्होंने कहा कि जब सार्वजनिक धन और पद का इस्तेमाल अधिकारी या कर्मचारी द्वारा व्यक्तिगत लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से किया जाए तो उस कृत्य को भ्रष्टाचार कहा जाता है। सिंह ने कहा कि अगर कोई अधिकारी या कर्मचारी ऐसा करता है तो इसके बारे में एंटी करप्शन ब्यूरो को सूचना दी जाए। इसके लिए आनलाइन शिकायत सेंटर बनाए गए हैं। इसमें शिकायत करने वाले की पहचान भी उजागर नहीं की जाती। उन्होंने कहा कि लोगों को एंटी करप्शन ला के बारे में जागरूक होना बहुत जरूरी है। उनको यह पता होना जरूरी है कि उनको अगर किसी भ्रष्ट अधिकारी या कर्मचारी की शिकायत करनी है तो कैसे करें। इसी उद्देश्य से हर साल सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जाता है।

    बीडीसी चेयरमैन सचिन कुमार ने कहा कि भ्रष्टाचार को मिटाने के लिए लोक सेवक, नागरिकों एवं निजी क्षेत्र को मिलकर काम करने की जरूरत है। देश की प्रगति में भ्रष्टाचार एक बहुत बड़ी बाधा है, जिसे खत्म करने के लिए हम सबको आज के दिन शपथ लेने की जरूरत है। भ्रष्टाचार पर काबू तभी पाया जा सकता है, जब हर एक नागरिक पूरी तरह से जागरूक होगा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की जड़ें काफी मजबूत हैं, जिसे उखाड़ने के लिए हम सबको मेहनत करने की जरूरत है। इस अवसर पर गुरदीप सिंह सैनी, सरपंच बिन्नी शर्मा, सरपंच सुरजीत चौधरी, सरपंच ओंकार सिंह सहित कई सरपंच, पंचों ने अपनी समस्याओं को रखा।