Jammu-Kashmir: पुलिस के 31 अधिकारियों को मिलेगा आईपीएस कैडर, गृह मंत्रालय को भेजी जाएगी सूची
Jammu News जम्मू कश्मीर पुलिस सेवा (जेकेपीएस) के 31 अधिकारियों को भारतीय पु़लिस सेवा (आईपीएस) कैडर में पदोन्नत करने पर चयन समिति ने शुक्रवार को सहमति की मुहर लगा दी है। सभी को आईपीएस का एजीएमयूटी कैडर प्रदान किया जाएगा। पदोन्नति होने वाले अधिकारियों की सूची जल्द गृह मंत्रालय को भेजी जाएगी और वहीं तय होगा कि किन अधिकारियों को आइपीएएस कैडर में कौन से वर्ष में शामिल किया जाए।

श्रीनगर, राज्य ब्यूरो। जम्मू कश्मीर पुलिस सेवा (जेकेपीएस) के 31 अधिकारियों को भारतीय पु़लिस सेवा (आईपीएस) कैडर में पदोन्नत करने पर चयन समिति ने शुक्रवार को सहमति की मुहर लगा दी है। इनमें दो अधिकारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं। सभी को आईपीएस का एजीएमयूटी कैडर प्रदान किया जाएगा। इससे पूर्व 30 जुलाई 2021 को जेकेपीएस कैडर के 27 अधिकारियों को आईपीएस कैडर में पदोन्नत किया था।
गृह मंत्रालय को भेजी जाएगी सूची
पदोन्नति होने वाले अधिकारियों की सूची जल्द गृह मंत्रालय को भेजी जाएगी और वहीं तय होगा कि किन अधिकारियों को आइपीएएस कैडर में कौन से वर्ष में शामिल किया जाए। जानकारी के अनुसार, दोपहर बाद नई दिल्ली में चयन समिति की बैठक हुई है। इसमें संघ लोक सेवा आयोग व गृह मंत्रालय के प्रतिनिधियों के अलावा जम्मू कश्मीर के मुख्य सचिव डॉ. अरुण कुमार मेहता, पुलिस महानिदिशेक दिलबाग सिंह और अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह आरके गोयल ने भाग लिया।
कार्यप्रर्दशन की समीक्षा की
समिति ने पदोन्नति के लिए चिह्नित जेकेपीएस कैडर के 1999 बैच के पुलिस अधिकारियों के मामलों की समीक्षा करते हुए उनके कार्यप्रदर्शन व अन्य विषयों पर चर्चा की। 29 सेवारत और दो सेवानिवृत्त अधिकारियों को आइपीएस कैडर में पदोन्नत करने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी।
इनको मिलेगी पदोन्नति
सूत्रों ने बताया कि पदोन्नत किए जाने वाले अधिकारियों में मकसूद-उल-जमान, मुबस्सिर लतीफी, शिव कुमार शर्मा, सुहैल मुनव्वर मीर, रश्मी वजीर, राजेश्वर सिंह, संदीप वजीर, अनीता शर्मा, समीर रेखी, जतिंदर सिंह जौहर, स्वर्ण सिंह कोतवाल, जाहिद नसीम मन्हास, डा. कोशल कुमार शर्मा, अशोक कुमार, शौकत अहमद डार, अल्ताफ अहमद शाह, बकर हुसैन समून, फिरदौस इकबाल, ऐजाज अहमद भट्ट, रंजीत सिंह संब्याल , मोहम्मद यासीन किचलू , राजिंदर कुमार गुप्ता, राजेश कुमार शर्मा, संजीव कुमार खजूरिया, राजेश बाली, जुबैर अहमद खान, संजय कुमार कोतवाल, मुमताज अहमद और मोहम्मद असलम शामिल हैं।
30 जुलाई 2021 को भी हुई थी आईपीएस कैडर में पदोन्नती
सूत्रों ने बताया कि समिति ने दो सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों अनिल मगौत्रा और पुरुषोत्तम कुमार शर्मा को भी आईपीएस कैडर में पदोन्नत करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। समिति ने एक अन्य पुलिस अधिकारी के खिलाफ लंबित जांच के मददेनजर पदोन्नत करने के संदर्भ में अपनी राय सीलबंद लिफाफे में दी है। जम्मू कश्मीर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बीते दो वर्ष में यह दूसरा अवसर है जब जेकेपीएस कैडर के अधिकारियों को आइपीएस कैडर में पदोन्नत किया जा रहा है। इससे पूर्व 30 जुलाई 2021 को आईपीएस कैडर में पदोन्नत किए गए जेकेपीएस कैडर के 27 अधिकारियों में 14 सेवानिवृत्त हो चुके थे। जबकि 13 सेवारत थे।
2021 में 27 अधिकारी बने थे आईपीएस
किसी भी राज्य अथवा केंद्र शासित प्रदेश के पुलिस सेवा कैडर अधिकारियों को उनकी वरिष्ठता व योग्यता पर आइपीएस कैडर में पदोन्नत करने की प्रक्रिया हर वर्ष उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर अपनाई जाती है। जम्मू कश्मीर में यह प्रक्रिया वर्ष 2010 के बाद से लटकी रही थी क्योंकि जेकेपीएस कैडर के नियमित अधिकारियों और पदोन्नति के आधार पर जेकेपीएस कैडर के अधिकारियों के बीच अदालत में विवाद लंबित था, जिसे तीन वर्ष पहले हल किया है।
कब कितने अधिकारियों की हुई पदोन्नति
वर्ष 2021 में जेकेपीएस कैडर के 27 अधिकारियों को वर्ष 2010 से वर्ष 2014 तक के कोटे पर आइपीएस में पदोन्नत किया गया। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि जिन 31 रिक्तियों के आधार पर जेकेपीएस कैडर के अधिकारियों को आइपीएस कैडर प्रदान किया जा रहा है। उनमें से आठ वर्ष 2015 के लिए हैं। सात रिक्तियां वर्ष 2018 की हैं। वर्ष 2017 और वर्ष 2019 के लिए पांच-पांच , वर्ष 2016 के लिए चार और तीन रिक्तियां वर्ष 2020 की हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।