आम आदमी पार्टी के हर्ष देव सिंह बोले- जम्मू कश्मीर में बेरोजगारी की स्थिति काफी गंभीर, भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल
वर्ष 2014 और 2019 के चुनावों के दौरान भाजपा ने युवाओं को रोजगार दिलवाने के बड़े-बड़े वादे किए गए थे लेकिन सरकार बनते ही भाजपा अपने वादों को भूल गई। हर्ष देव सिंह ने सब इंस्पेक्टर भर्ती और फायर एंड एमरजेंसी सर्विसेज भर्ती घोटाले पर भी सरकार को घेरा।

जम्मू, जागरण संवाददाता। आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा सरकार पर युवाओं को रोजगार मुहैया करवाने में विफल रहने का आरोप लगाया। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री हर्ष देव सिंह ने पत्रकारवार्ता में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर में बेराेजगारी को लेकर स्थिति गंभीर है। सरकारी विभागों में भी अस्थायी कर्मियों का बुरा हाल है।
उन्होंने कि वर्ष 2014 और 2019 के चुनावों के दौरान भाजपा ने युवाओं को रोजगार दिलवाने के बड़े-बड़े वादे किए गए थे लेकिन सरकार बनते ही भाजपा अपने वादों को भूल गई। हर्ष देव सिंह ने सब इंस्पेक्टर भर्ती और फायर एंड एमरजेंसी सर्विसेज भर्ती घोटाले पर भी सरकार को घेरा। वहीं हर्ष देव ने कहा कि जल शक्ति विभाग के अनियमित कर्मचारी कई सप्ताह से अपना काम बंद कर सड़कों पर हैं जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है लेकिन केंद्र सरकार के नियंत्रण में जम्मू कश्मीर प्रशासन इस हड़ताल को वापस लेने में विफल रहा है।
उन्होंने जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद भी यहां स्थिति नहीं सुधरने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने वर्ष 2019 में दावा किया था कि जम्मू कश्मीर में पचास हजार नौकरियां दी जाएंगी। सरकार बताए कि वे नौकरियां कहां है।उन्होंने सरकार पर युवाओं के साथ धोखाधड़ी करने का भी आरोप लगाया।
आप की छात्र युवा संघर्ष समिति ने सदस्यता अभियान चलाया
जम्मू : जम्मू कश्मीर में अपना जनाधार बढ़ा रही आम आदमी पार्टी की नजर अब युवाओं पर हैं। आप की छात्र युवा संघर्ष समिति प्रदेश में युवाओं के लिए सदस्यता अभियान चलाएगी जिसका फैसला महेश बख्शी की अध्यक्षता में आयोजित समिति की बैठक में लिया गया।मंगलवार को जम्मू में आप के नेताओं व समिति के सदस्यों के बीच बैठक हुई जिसमें आप नेताओं ने कहा कि युवा समाज की रीढ़ हैं लेकिन जम्मू कश्मीर में युवाओं को उनके बुनियादी अधिकारों से दूर रखा जा रहा है।
उन्होंने युवाओं को कमान सौंपने के लिए उन्हें आगे लाने पर जोर देते हुए कहा कि आप में युवाओं को अधिक से अधिक मौका दिया जाएगा। उन्होंने समिति के सदस्यों से इस संदर्भ में सदस्यता अभियान शुरू करने को कहा। इस मौके पर प्रदेश में युवाओं को रोजगार न मिलने व भर्ती प्रक्रियाओं में घोटालों को लेकर सरकार को घेरा। वहीं महेश बख्शी ने कहा कि समिति लोगों की समस्याओं व उनके समाधान के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।