जम्मू-कश्मीर: पत्नी और बच्चों से मिलने की चाह में पार कर रहा था LoC, किशनगंगा नदी में डूबने से पूर्व आतंकी की मौत
उत्तर कश्मीर के बारामूला के एक पूर्व आतंकी इरफान अहमद शाह की कुपवाड़ा में किशनगंगा नदी में डूबने से मौत हो गई।

किशनगंगा नदी में डूबा पूर्व आतंकी इरफान (प्रतीकात्मक फोटो, जागरण)
HighLights
पूर्व आतंकी इरफान अहमद शाह की किशनगंगा नदी में डूबकर मौत
पत्नी-बच्चों से मिलने LoC पार करने का प्रयास कर रहा था
पुलिस घटना की परिस्थितियों और LoC पार करने की जांच कर रही
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले के रहने वाले एक 54 वर्षीय पूर्व आतंकी की किशनगंगा नदी में डूबने से मौत हो गई।
हालांकि पुलिस ने उसके डूबने की परिस्थितियों की पुष्टि नहीं की है और कहा है कि मामले की जांच जारी है, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार, वह वह अपनी पत्नी और बच्चों से मिलने के लिए नियंत्रण रेखा (एलओसी) पार कर गुलाम जम्मू कश्मीर (पीओजेके) जाने की कोशिश कर रहा था।
इस दौरान वह कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में किशनगंगा नदी में डूब गया। बाद में सीमा पार अधिकारियों ने उसका शव बरामद किया।
इरफान अहमद शाह के रूप में हुई पहचान
मृतक की पहचान बारामूला जिले में डंगीबच्चा सोपोर के रहने वाले इरफान अहमद शाह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि इरफान अहमद शाह 1990 के दशक की शुरुआत में आतंकी बनने के लिए एलओसी पार गुलाम जम्मू कश्मीर चला गया था।प। वहां उसने शादी की और उसके बच्चे भी हुए।
बाद में वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते कश्मीर लौट आया था। उसकी वापसी जम्मू-कश्मीर सरकार की पूर्व आतंकियों के पुनर्वास नीति के तहत हुई थी। वह करीब 13-14 वर्ष पहले वापस लौटा था।
पहलगाम हमलेके दौरान पत्नी और बच्चों को भेजा पाकिस्तान
बताया जा रहा है कि अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद सुरक्षा कार्रवाई के दौरान उसकी पाकिस्तानी नागरिक पत्नी और बच्चों को वापस पाकिस्तान भेज दिया गया था।
इसके बाद से शाह बारामूला में अकेला रह रहा था। इसलिए यह समझा जा रहा है कि वह मुजफ्फराबाद जाने के इरादे से कुपवाड़ा के केरन क्षेत्र पहुंचा और किशनगंगा नदी पार कर एलओसी के दूसरी ओर जाने का प्रयास कर रहा होगा।। इसी दौरान नदी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। हालांकि, घटना की परिस्थितियों और सीमा पार जाने के प्रयास को लेकर आधिकारिक स्तर पर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में हर जिले के विकास पर रहेगी सीधी नजर, 20 सीनियर अफसरों को मिली कमान
यह भी पढ़ें- कश्मीर: बड़गाम में ही बनेगा राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, जम्मू में खुलेगा कैंपस; भाजपा ने उठाए सवाल