विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में हर जिले के विकास पर रहेगी सीधी नजर, 20 सीनियर अफसरों को मिली कमान

Published: Sun, 29 Nov 2026 10:48 AM (IST)

जम्मू-कश्मीर सरकार ने सभी 20 जिलों में विकास कार्यों की निगरानी और प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ाने के लिए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को जिला प्रभारी नियुक्त किया है। 

डल झील में तैरती शिकारा (फाइल फोटो)

डल झील में तैरती शिकारा (फाइल फोटो)

HighLights

  1. जम्मू-कश्मीर के 20 जिलों में जिला प्रभारी अधिकारी नियुक्त

  2. विकास कार्यों की निगरानी और प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ाना मुख्य लक्ष्य

  3. सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और सेवाएं सुनिश्चित होंगी

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में सरकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा जिला प्रशासन की जवाबदेही तय करने के लिए सरकार ने नई पहल की है। इसके तहत प्रदेश के सभी 20 जिलों में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को जिला मेंटर नियुक्त किया गया है।

सामान्य प्रशासनिक विभाग (जीएडी) ने इस संबध में सरकारी आदेश जारी किया है। अधिकारियों को अपने आवंटित जिलों में विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने के साथ सरकारी योजनाओं की प्रगति, काम की गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

विकास कार्यों को मिलेगी गति

सरकार के इस फैसले को जिला स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और विकास कार्यों में होने वाली देरी पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। जिला प्रभारी अधिकारी संबंधित जिलों में प्रशासनिक कामकाज की समीक्षा करेंगे और यह भी देखेंगे कि आम लोगों को जरूरी सरकारी सेवाएं समय पर उपलब्ध हो रही हैं या नहीं।

जारी आदेश के अनुसार, जम्मू जिले के लिए वित्त आयुक्त (अतिरिक्त मुख्य सचिव) शैलेंद्र कुमार और श्रीनगर के लिए अनिल कुमार सिंह को जिला प्रभारी अधिकारी बनाया गया है।

इसी तरह चंद्राकर भारती को अनंतनाग, सौरभ भगत को कुलगाम, मंदीप कौर को सांबा, आर. एलिस वाज को रियासी और शीतल नंदा को ऊधमपुर की जिम्मेदारी दी गई है।

अन्य जिलों में सौगत बिस्वास को बारामुला, यशा मुद्गल को कठुआ, राम निवास शर्मा को डोडा, कुमार राजीव रंजन को पुलवामा, रेहाना बतूल को रामबन और रमेश कुमार को राजौरी का जिला प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

नवीन एसएल को किश्तवाड़, अवनी लवासा को बडगाम, अंजलि सहरावत को बांडीपोरा, राहुल यादव को कुपवाड़ा, डॉ. सागर दोइफोडे दत्तात्रय को पुंछ, बाबिला रखवाल को गांदरबल और जुबैर अहमद को शोपियां की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

विकास परियोजनाओं का नियमित रूप से हो सकेगा क्रियान्वयन

आदेश में जिला प्रभारी अधिकारी की जिम्मेदारियां भी स्पष्ट की गई हैं। उन्हें अपने-अपने जिलों में केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं, प्रमुख कार्यक्रमों तथा विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करनी होगी। इसके साथ ही विकास कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा होने की स्थिति की समीक्षा भी करनी होगी।

जिला प्रभारी अधिकारी प्रशासन के कामकाज का भी आकलन करेंगे। इसमें प्रशासन के क्षेत्रीय कार्यालयों की कार्यप्रणाली और आम जनता को मिलने वाली आवश्यक सरकारी सेवाओं की उपलब्धता शामिल है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उनका असर जमीन पर भी दिखाई दे।

सरकार ने यह आदेश विषय से संबंधित पहले जारी सभी आदेशों और निर्देशों को निरस्त करते हुए लागू किया है। माना जा रहा है कि वरिष्ठ अधिकारियों की जिला स्तर पर सीधी निगरानी से विकास कार्यों की जवाबदेही बढ़ेगी और प्रशासनिक कमियों को समय रहते दूर करने में मदद मिलेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।