कश्मीर: बड़गाम में ही बनेगा राष्ट्रीय विधि विवि, जम्मू में खुलेगा कैंपस; भाजपा ने उठाए सवाल
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मुख्यालय बड़गाम में रखकर कश्मीरियों से किया अपना वादा पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। वहीं भाजपा ने इसे भेदभाव बताया। जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय स्तर के विधि शिक्षण संस्थान की स्थापना की चर्चा वर्ष 2015 में शुरू हुई थी।

बड़गाम में ही बनेगा राष्ट्रीय विधि विवि, जम्मू में खुलेगा कैंपस (फोटो- AI Generated)
HighLights
लंबे समय से चले आ रहे विवाद का समाधान निकालने की कोशिश, भाजपा ने इसे भेदभाव करार दिया
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कश्मीरियों से किया अपना अपना वादा पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाया
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एनएलयू) की स्थापना का फैसला ले लिया गया है। शनिवार को सरकार ने दो महत्वपूर्ण अधिसूचनाएं जारी की हैं।
विश्वविद्यालय बड़गाम जिले में बनेगा, जबकि जम्मू में इसका कैंपस स्थापित किया जाएगा। यह फैसला जम्मू और कश्मीर के बीच लंबे समय से चले आ रहे क्षेत्रीय संतुलन और संस्थान के स्थान को लेकर विवाद का समाधान निकालने की कोशिश भी है।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मुख्यालय बड़गाम में रखकर कश्मीरियों से किया अपना वादा पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। वहीं भाजपा ने इसे भेदभाव बताया।
जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय स्तर के विधि शिक्षण संस्थान की स्थापना की चर्चा वर्ष 2015 में शुरू हुई थी। 12 फरवरी, 2018 को जम्मू-कश्मीर विधानसभा ने एनएलयू की स्थापना का विधेयक पारित किया गया।
तत्कालीन कानून एवं न्याय मंत्री अब्दुल हक ने कहा था कि इससे कानूनी शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर होगी। 28 सितंबर, 2019 को तत्कालीन राज्यपाल की मंजूरी के बाद यह अधिनियम कानून बन गया।
मुख्यालय और परिसर का स्थान तय न होने के कारण इसकी स्थापना आगे नहीं बढ़ सकी। अक्टूबर 2025 में बड़गाम विधानसभा सीट के उपचुनाव में यह मुद्दा फिर चर्चा में आया।
मुख्यमंत्री उमर ने ओमपोरा में अस्थायी परिसर से अप्रैल 2026 तक विश्वविद्यालय का कामकाज शुरू करने की घोषणा की थी। भाजपा ने इस घोषणा को लेकर चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी।