Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गोलीबारी में घायल लोगों का हाल जानने GMC जम्मू पहुंचे डॉ. जितेंद्र सिंह, बताया मरीजों मरीजों की कैसी है हालत?

    Updated: Tue, 13 May 2025 06:48 PM (IST)

    केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने जम्मू के राजकीय मेडिकल कॉलेज का दौरा किया जहां उन्होंने सीमा पार से हुई गोली बारी में घायल हुए लोगों से मुलाकात की। उन्होंने जीएमसी के डॉक्टरों और कर्मचारियों की समर्पित सेवा की सराहना की जिसके कारण किसी भी घायल व्यक्ति की मृत्यु नहीं हुई। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं का भी निरीक्षण किया और मरीजों के जल्द ठीक होने की कामना की।

    Hero Image
    केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने GMC जम्मू का किया दौरा

    राज्य ब्यूरो, जम्मू। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को राजकीय मेडिकल कालेज जम्मू का दौरा कर वहां पर सीमा पार से हुई गोलीबारी के कारण घायल हुए लोगों का हाल जाना। उनके साथ जीएमसी जम्मू के प्रिंसिपल डॉ. आशुतोष गुप्ता भी थे। वह विभिन्न वाडों में गए जहां पर घायलों को भर्ती किया गया है। गंभीर रूप से घायल हुए दो लोगों को आइसीयू में भर्ती किया गया है। उन दोनों का हाल जानने के लिए भी वह आइसीयू में पहुंचे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ की सराहना की

    बाद में पत्रकारों से बात करते हुए डॉ. जितेंद्र सिंह ने मेडिकल कालेज के डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ सहित सभी कर्मचारियों की उनकी त्वरित और समर्पित सेवा के लिए सराहना की। उन्होंने कहा कि इसी वजह से यह संभव हो पाया कि पाकिस्तानी आक्रमण के बाद घायलों में से एक भी व्यक्ति की मृत्यु नहीं हुई।

    उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध उन्नत सुविधाओं की भी सराहना की जिस कारण मरीजों को जम्मू से बाहर किसी अन्य अस्पताल में रेफर नहीं करना पड़ा।

    'सभी मरीजों की हालत संतोषजनक'

    केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जीएमसी जम्मू में भर्ती सभी मरीजों की हालत संतोषजनक है और उन्हें जल्द ही छुट्टी दे दी जाएगी। उन्होंने कहा कि उन्हें गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती एक मरीज के बारे में चिंता थी जो चोट के कारण कूल्हे की सर्जरी करवा रहा था। न्यूरोलाजिकल जटिलताओं के साथ उसकी हालत अचानक बिगड़ गई।

    उन्होंने कहा कि इस मरीज को सभी तरह की गंभीर देखभाल दी जा रही है और यह देखते हुए कि वह युवा है और उसे कोई सह रुग्णता नहीं है। वह भी दूसरों की तरह ठीक होकर घर जाने के लिए भाग्यशाली हो सकता है।

    नई सुविधाओं का भी किया निरीक्षण

    बाद में डॉ. जितेंद्र सिंह ने जीएमसी में कुछ समय में शुरू हुई नई सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। वषों तक इसी संस्थान में सेवाएं देने वाले डॉ. सिंह ने नई सुविधाएं शुरू होने पर संतोष जताया। बाद में अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ ने भी डॉ. जितेंद्र सिंह से मुलाकात की और कहा कि उनमें से बहुत से उनकी देखरेख में काम किया है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री का आभार जताया।