J&K News: तबाही के बीच डिप्टी सीएम का बड़ा एलान, बारिश-भूस्खलन प्रभावितों को देंगे 5-5 मरला का प्लॉट
जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने बाढ़ और भूस्खलन पीड़ितों के पुनर्वास के लिए पांच-पांच मरले के प्लॉट देने की घोषणा की है। अखनूर के परगवाल में दौरा कर उन्होंने भूवैज्ञानिक ऑडिट की आवश्यकता बताई। प्रभावितों को उचित स्थान पर प्लॉट दिए जाएंगे जिसके लिए भूविज्ञान विभाग जांच करेगा। मंत्री सतीश शर्मा ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया और नेशनल कांफ्रेंस ने राहत पहुंचाने की अपील की।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने जम्मू में भारी बारिश से बाढ़ व भूस्खलन प्रभावितों के पुनर्वास के लिए 5-5 मरले के प्लाट देने की घोषणा की है।
अखनूर के परगवाल व आस पास के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लेते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावितों को उचित जगह पर पांच पांच मरले के प्लाट दिए जाएंगे।
प्लाट देने की कार्रवाई भूविज्ञान एवं खनन विभाग द्वारा की भू-स्थायित्व जांच के बाद दी जाने वाली रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
वहीं बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री सतीश शर्मा, नेशनल कांफ्रेंस के प्रांतीय अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता आदि भी मौजूद थे। उपमुख्यमंत्री ने रह, सैलोट, परगवाल, बरखाल, मालाबेला व नरसिंहपुरा गांवों का दौरा कर बाढ़ से हुई नुकसान के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने प्रभावित को पेश आ रही मुश्कलों के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में बादल फटने, भूस्खलन व बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए पूरे क्षेत्र का भूवैज्ञानिक आडिट किया जाना जरूरी है।
उपमुख्यमंत्री ने क्षेत्र में राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सहायता वितरण व बुनियादी ढांचे की बहाली में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं जनता से बातचीत के दौरान स्थानीय लोगों ने जल निकासी, सड़कों की सुरक्षा व तटबंधों से जुड़ी समस्याएं उजागर की। इस पर उपमुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि उठाई गई समस्याओं के शीघ्र समाधान के प्रयास होंगे।
वहीं मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि यह हमारे लोगों के लिए कठिन समय है। मैं आश्वस्त करता हूं कि कोई भी परिवार उपेक्षित नहीं रहेगा। सरकार हर संभव मदद दे रही है व प्रभावित लोगों के पुर्नावास में हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग व ग्रामीण विकास विभाग को तत्काल प्रभाव से सड़कों, पुलों और आंतरिक संपर्क मार्गों की मरम्मत के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि राहत कार्यों में कोई बाधा नही आनी चाहिए।
इस दौरान नेशनल कांफ्रेंस के प्रांतीय अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे प्रभावित लोगों व प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु की तरह काम करते हुए जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाना जारी रखें।
उपमुख्यमंत्री ने राजौरी जिले के सुंदरबनी क्षेत्र की कांगड़ी पंचायत का दौरा किया। इस पंचायत में दीवार गिरने की घटना में मां , बेटी की मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से 4 लाख रुपये की सहायता राशि देने के साथ मां, बेटी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त जताई।
उन्होंने चोकी चौरा पहुंचकर 14 अगस्त को चशोती में बादल फटने की घटना में चार लोगों की मौत पर उनके परिजनों से गहरे दुख का इजहार किया। इसा दौरान कृष्ण लाल के परिवार से मिलकर शोक व्यक्त करने के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की ओर से भी संवेदनाएं प्रकट कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।