हमेशा याद रखा जाएगा संतूर वादक पंडित शिवकुमार शर्मा का योगदान
डोगरी संस्था जम्मू ने विश्व विख्यात संतूर वादक पंडित शिवकुमार शर्मा को कला केंद्र जम्मू में आयोजित एक समारोह में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

जागरण संवादददाता, जम्मू : डोगरी संस्था जम्मू ने विश्व विख्यात संतूर वादक पंडित शिवकुमार शर्मा को कला केंद्र जम्मू में आयोजित एक समारोह में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर डोगरी संस्था जम्मू के प्रधान प्रो. ललित मगोत्रा ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके साथ और डोगरी संस्था जम्मू के साथ उनके जुड़ाव को याद किया। उन्होंने कहा कि उनका निधन न केवल भारतीय शास्त्रीय संगीत के लिए बल्कि जम्मू के लिए भी एक बहुत बड़ी क्षति है। पंडित जी ने हमेशा भारतीय शास्त्रीय संगीत के प्रदर्शन से एक गर्वित डोगरा के रूप में इस पवित्र भूमि का पूरी दुनिया में प्रतिनिधित्व किया है। डोगरी संस्था जम्मू की उपाध्यक्ष प्रो. वीणा गुप्ता ने कहा कि पंडित शिव कुमार शर्मा जम्मू की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और मातृभाषा डोगरी को सहेज कर रखने के बारे में चितित थे। देश की प्रख्यात गायिका सीमा अनिल सहगल ने भी भारतीय शास्त्रीय संगीत के दिग्गज पंडित शिव कुमार शर्मा के साथ अपने स्वयं के अनुभवों को ताजा किया। अरविंदर सिंह अमन अतिरिक्त सचिव जम्मू कश्मीर कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी ने महान व्यक्तित्व और भारतीय शास्त्रीय संगीत के लिए उनके योगदान के बारे में विस्तार से बात की। डोगरी संस्था के महासचिव राजेश्वर सिंह राजू ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पं. शिव कुमार शर्मा के चले जाने से भारतीय शास्त्रीय संगीत में जो खालीपन आया है। उसे कभी भरा नहीं जा सकता और वह तब तक यादों में अमिट रहेंगे जब तक भारतीय शास्त्री संगीत का अस्तित्व रहेगा। डा. नसीब सिंह मन्हास, पूर्व निदेशक दूरदर्शन केंद्र श्रीनगर और जम्मू के साथ ही साहित्य और कला से जुडे़ के अन्य प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने भी पंडित शिव कुमार शर्मा के उल्लेखनीय कार्यों को याद करते हुए अपनी ओर से उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन प्रख्यात रंगकर्मी और गायक राज कुमार बहरुपिया ने किया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रमुख साहित्यकारों, कलाकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और साहित्य प्रेमियों तथा कला प्रेमियों ने भी भाग लिया। डोगरी संस्था की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी
डोगरी संस्था जम्मू द्वारा पंडित शिवकुमार शर्मा के सम्मान में श्रद्धांजलि के रूप में इंडिया टूंस, बंटून और द आर्ट इफेक्ट के सहयोग से एक राष्ट्रीय कैरिकेचर प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। इसमें 50 से अधिक कैरिकेचर प्रदर्शित किए गए। जिनमें देश के विभिन्न क्षेत्रों के कलाकारों ने अपनी कला के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि दी। यह पंडित शिव कुमार शर्मा पर पहली कैरिकेचर प्रदर्शनी थी, जिसमें देश के विख्यात कार्टूनिस्टों सागर कुमार प्रभाकर, परशुराम वायरकर, अबानी, सतीश आचार्य, भारत जगताप, विनय चानेकर, अक्केरा श्रीनिवास राव, अरुण कुमार, बद्री, दलीप, जयराज, जीवम शेट्टी, करुणाकरण पेराम्बरा, कार्टूनिस्ट कोंडा रवि प्रसाद, माधव, मधु मांडा, मनोज चोपड़ा, मनोज सिन्हा, उदय देब, नजुंदा स्वामी, एनसी प्रकाश, संजय मोरे, कमला कंठ रथ, शाह तारिक, सतीश उपाध्याय आदि शामिल थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।