कांग्रेस का जम्मू कश्मीर में 'वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान', यूथ कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, पुलिस ने हिरासत में लिया
जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस ने भाजपा के विरुद्ध वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान शुरू करने की तैयारी की है। यह अभियान राज्य के दर्जे की बहाली के साथ-साथ चलेगा जिसका उद्देश्य मोदी सरकार को निशाना बनाना है। यूथ कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया जिसके बाद कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। श्रीनगर में अभियान की रणनीति बनेगी।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ राष्ट्रव्यापी वोट चोर, गद्दी छोड़ नाम से अभियान को जम्मू कश्मीर में चलाने की तैयारी कर ली है। जम्मू कश्मीर के राज्य के दर्जे की बहाली के साथ-साथ यह अभियान भी चलेगा। यह अभियान पार्टी हाइकमान के निर्देश पर चलाया जाना है।
राहुल गांधी ने हाल ही में वोट चोरी के मुद्दे को जोर शोर से उठाया था। इस अभियान का मकसद मोदी सरकार को निशाने पर लेना है। वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान की शुरुआत आज शनिवार को यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के साथ हुई। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा के कच्ची छावनी कार्यालय जम्मू के बाहर प्रदर्शन किया।
इससे पहले की कार्यकर्ता कार्यालय में घुसते, वहां पर पहले से तैनात पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोक लिया। इस दौरान जब कार्यकर्ताओं ने भारी हंगामा करते हुए मोदी सरकार व भाजपा के खिलाफ नारेबाजी शुरु कर दी तो पुलिस ने कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया जिन्हें बसों में भर कर जिला पुलिस लाइन ले जाया गया, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।
यूथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अनिरुद्ध साहनी ने कहा कि देश में लोकतंत्र लगातार कमजोर होता जा रहा है। कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे लेकिन पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वोट चोर, गद्दी छोड़् अभियान पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व है।
इसके तहत ही हमने इस मुद्दे को उजागर कर प्रदर्शन किया है। वहीं प्रदेश प्रधान तारिक हमीद करा की अध्यक्षता में रविवार को श्रीनगर में बैठक होगी जिसमें इस अभियान को जोर शोर से चलाने की रणनीति तैयार होगी।
जम्मू कश्मीर के राज्य के दर्जे की बहाली के मुद्दे पर पार्टी का अभियान भी साथ ही चलेगा। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने कहा कि पार्टी हाइकमान के निर्देश पर वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान शुरु किया गया है। इस अभियान के तहत विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। इस अभियान के लिए रणनीति तय की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।