Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    J&K News: बाढ़ से प्रभावित लोगों को BJP विधायक और सांसद देंगे 35.5 करोड़ रुपये, करेंगे हर संभव मदद

    Updated: Wed, 03 Sep 2025 08:25 AM (IST)

    जम्मू-कश्मीर में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए भाजपा आगे आई है। विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने कहा कि पार्टी प्रभावितों को हर संभव सहायता देगी। भाजपा विधायक और सांसद अपने फंड से 35.5 करोड़ रुपये की मदद देंगे। चार सितंबर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में व्यापक अभियान चलाया जाएगा जिसमें चिकित्सा शिविर और स्वच्छता अभियान शामिल हैं। गृहमंत्री अमित शाह से नुकसान की जानकारी दी गई है।

    Hero Image
    जम्मू में बाढ़ से भारी तबाही, बीजेपी विधायक करेंगे हर संभव मदद

    राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने कहा कि भाजपा बाढ़ प्रभावितों की सहायता के लिए हर समय हाजिर है। इस विपदा की घड़ी में पार्टी उन्हें हर संभव मदद करेगी। प्रभावितों दुख-तकलीफ दूर करने के लिए पार्टी चार सितंबर से बड़े पैमाने पर अभियान चलाएगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक व सांसद प्रभावितों को राहत देने के लिए विधानसभा, संसदीय क्षेत्र विकास फंड से 35.5 करोड़ रुपये देंगे। हर विधायक एक करोड़ व हर सांसद अढाई करोड़ दे रहा है। विपक्ष के नेता सुनील शर्मा मंगलवार को जम्मू के त्रिकुटा नगर स्थित पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

    इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय सचिव व विधायक डा नरेन्द्र सिंह, जम्मू उत्तर के विधायक शाम लाल शर्मा व सांबा जिले के रामगढ़ के विधायक डा. देवेन्द्र कुमार मन्याल व प्रदेश प्रवक्ता बलवीर राम रतन भी मौजूद रहे।

    सुनील शर्मा ने बताया कि गृहमंत्री अमित शाह से जम्मू में हुई बैठक में मिले निर्देशों पर भाजपा के विधायक व वरिष्ठ नेता चार से छह सितंबर तक बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों की सुध लेंगे। साथ ही नौ सितंबर को प्रभावितों के लिए चिकित्सा शिविरों का आयोजन होगा व 10-11 सितंबर को बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

    उन्होंने बताया कि गृह मंत्री को प्रदेश में हुए नुकसान व जरूरतों के बारे में विस्तार से बताया गया है। उन्होंने बताया कि गृह मंत्री से किश्तवाड़ के मरगी व बड़वान गांवों में बादल फटने से प्रभावित लगभग 200 परिवारों के पुनर्वास का अनुरोध किया गया है।

    उन्होंने कहा कि जम्मू क्षेत्र में लगातार बारिश, बादल फटने व अचानक आई बाढ़ से व्यापक नुकसान हुआ है। यह आपदा 14 अगस्त को चशोती गांव में बादल फटने के साथ शुरू हुई। इस आपदा को 16 अगस्त को कठुआ में एक और बादल फटने की घटना ने और बढ़ा दिया।

    उसके बाद 24 से 26 अगस्त तक लगातार बारिश ने जम्मू, सांबा, ऊधमपुर, रियासी और अन्य जिलों में बड़ी तबाही की। सुनील शर्मा ने नेकां सरकार पर निशाना साधा और इस त्रासदी में जम्मू क्षेत्र के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। नेकां सरकार ने अपर्याप्त कार्रवाई कर साबित किया कि वह तबाही से उपजे हालात में गंभीर नहीं है।

    सुनील शर्मा ने कहा कि उमर सरकार का बिजली, जलापूर्ति जैसे अहम विभागों पर नियंत्रण होने के बावजूद युद्धस्तर पर कार्रवाई नहीं की गई। इससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। विपक्ष के नेता ने माता वैष्णो देवी मार्ग पर आपदा के दौरान केंद्र सरकार व उपराज्यपाल प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

    comedy show banner
    comedy show banner