J&K News: विकसित भारत का अमृतकाल अभियान में जन-जन तक पहुंचेगी भाजपा, प्रदेश अध्यक्ष ने बैठकों में बनाई रणनीति
भाजपा जम्मू-कश्मीर में विकसित भारत के अमृतकाल को घर-घर पहुंचाने की तैयारी कर रही है। इस अभियान में सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रमों में मोदी सरकार की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी और बुद्धिजीवियों के साथ बैठकें होंगी। भाजपा कार्यकर्ताओं से समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया गया है।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार से जम्मू कश्मीर में विकसित भारत के अमृतकाल को प्रदेश के हर कोने तक पहुंचाने की तैयारी की है। अभियान के तहत सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के 11 साल की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
जम्मू में प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा ने सोमवार को पार्टी नेताओं के साथ बैठकें कर जिलों में इस अभियान के कार्यक्रमों के आयोजन को अंतिम रूप दिया। मंगलवार को जम्मू के कच्ची छावनी स्थित पार्टी कार्यालय में भाजपा मोदी सरकार की उपलब्धियों पर फोटो प्रदर्शनी के साथ शाम को शहरी में बुद्धिजीवियों से बैठक के आयोजन के साथ पार्टी का अभियान शुरू हो जाएगा।
कश्मीर में इस अभियान को कामयाब बनाने की जिम्मेदारी विपक्ष के नेता व महासचिव सुनील शर्मा के कंधों पर है। वहीं संगठन महामंत्री अशोक कौल इस कार्यक्रमों के सिलसिले में लद्दाख में डेरा डाले हुए हैं। सोमवार को जम्मू में समीक्षा बैठक के दौरान सत शर्मा ने जोर दिया कि प्रदेश में कार्यकर्ता व नेता बेहतर समन्वय बनाकर इस अभियान को जमीनी सतह तक कामयाब बनाने के लिए प्रयास करें।
सत शर्मा ने कहा कि अभियान के तहत आउटरीच गतिविधियों का विस्तार करके जनता व भाजपा के बीच संबंध को मजबूत बनाया जाए। उन्होंने कहा, सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण का प्रतिनिधित्व करने वाली विकसित भारत की यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अटूट प्रतिबद्धता, सुधार और दूरदर्शी नीतियों को दर्शाती है। ऐसे में हमारी जिम्मेदारी यह सुनिश्चित करना है कि सुशासन का संदेश हर घर तक पहुंचे।
इस बैठक में जम्मू-कश्मीर के अभियान प्रभारी व भाजपा महासचिव विबोध गुप्ता के साथ पूर्व मंत्री प्रिया सेठी, अभियान के सह-प्रभारी पवन शर्मा, रेखा महाजन, पार्टी नेता प्रभात सिंह जम्वाल, राकेश महाजन, डा प्रदीप महोत्रा, प्रो कुलभूषण मोहत्रा, अंकित गुप्ता, वेद शर्मा, गौरव बलगोत्रा, डा मकसन टिक्कू ने भी हिस्सा लेकर की गई तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अभियान के दौरान दोनों प्रदेशों में कार्यक्रमों का आयोजन कर 11 साल में बने विकास के नए प्रोजेक्टों, केंद्रीय योजनाओं की उपलब्धियों व सुशासन से आए बेहतर बदलाव को उजागर किया जाएगा। इसके साथ भाजपा की जिला इकाईयां नदियों, तालाबों के संरक्षण, जल संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण के लिए लोगों को प्रेरित करने के भी करेगी। इस दौरान स्वच्छता, कचरा निस्तारण के लिए भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।