Jammu Kashmir : फारूक अब्दुल्ला के भाई मुस्ताफा के बिगड़े बोल, मुंबई ब्लास्ट के आरोपी याकूब को गलत मारा
Mumbai Serial Blast Issue मुस्तफा के इस बयान के बाद भाजपा ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री कविन्द्र गुप्ता ने कहा है कि सिर्फ आतंकी ही आतंकियाें का समर्थन करते हैं।

जम्मू, राज्य ब्यूरो : नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष डा. फारूक अब्दुल्ला के भाई मुस्तफा कमाल ने कहा है कि मुंबई सीरियल ब्लास्ट के मुख्य आरोपी याकूब मेनन को गलत मारा गया था। मैं उसकी इज्जत करता हूं। वहीं भाजपा ने मुस्तफा कमाल के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया जताई है। पूर्व उपमुख्यमंत्री कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि सिर्फ आतंकी ही आतंकियों का समर्थन करते हैं।आपको बता दें कि मुंबई बम धमाकों के मुख्य आारोपी याकूब मेनन को फांसी दी गई थी।
मुस्तफा के इस बयान के बाद भाजपा ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री कविन्द्र गुप्ता ने कहा है कि सिर्फ आतंकी ही आतंकियाें का समर्थन करते हैं। उन्होंने वीरवार को ऐसा नेशनल कांफ्रेंस प्रधान फारूक अब्दुल्ला के छोटे भाई डा मुस्तफा कमाल द्वारा याकूब मेमन पर दिए गए आपत्तिजनक बयान के विरोध में कहा है। मुस्तफा कमाल ने कहा है कि याकूब मेमन को गलत मारा गया है। मैं उसकी इज्जत करता हूं। मुंबई सीरियल बम धमाकों के मुख्य आरोपी आतंकी याकूब मेमन को फांसी की सजा दी गई थी।
मुंबई में आतंकी याकूब मेमन की कब्र को सजाने को लेकर उपजे विवाद पर वीरवार को डा मुस्तफा कमाल ने कहा है कि मेमन की कब्र सजाने में कुछ नही है। यहां भी हजारों लोग आतंकियों को हीरो मानते हैं, उन्होंने आतंक का रास्ता अपनाया लोग व हम उन्हें पसंद करते हैं। जान देना कोई छोटी बात नही है। वे किसी मकसद को लेकर लड़ रहे हैं, मैं उनकी कद्र करता हूं।
इस पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा नेता कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि आतंकी का समर्थन करने वाला भी आतंकी ही होता है। मुस्तफा कमाल के खिलाफ भी वही कार्रवाई होनी चाहिए जो आतंकी के खिलाफ होती है। गुप्ता ने कहा कि जानबूझ कर माहाेल खराब करने के लिए आतंकियों को शहीद का दर्जा देने की कोशिश की जा रही है। इसे कभी बर्दाश्त नही किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि याकूब मेमन जैसे लोग देश के दुश्मन हैं व नेशनल कांफ्रेंस के नेता उनका समर्थन करते हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि ऐसी देश विरोधी व उकसाने वाले बयानबाजी बर्दाश्त नही की जा सकती है। मुंबई धमाकों के बहुत से लोग मारे गए थे। मुस्तफा कमाल जैसे नेता पाकिस्तान की शह पर देश की तबाही व बर्बादी के लिए काम कर रहे हैं। यही कारण है कि लोगों की जानें ले रहे आतंकियों का समर्थन कर रहे हैं। देशविरोधी तत्वों को शह देने वालों को भी बख्शा नही जाना चाहिए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।