'जम्मू-कश्मीर में विधानसभा सीटें 90 से बढ़कर 140 हो सकती हैं', केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले का दावा
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने विपक्ष से परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों का समर्थन करने की अपील की है, इसे पीएम मोदी का क्रांतिकारी कदम बताया।

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले (जागरण फाइल फोटो)
HighLights
अठावले ने विपक्ष से परिसीमन, महिला आरक्षण विधेयकों का समर्थन मांगा
कहा, जम्मू-कश्मीर में विधानसभा सीटें 135-140 तक बढ़ेंगी
राहुल गांधी को 2029 में पीएम मोदी से लड़ने की चुनौती
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने शनिवार को कांग्रेस, नेशनल कान्फ्रेंस और अन्य विपक्षी दलों से परिसीमन एवं महिला आरक्षण विधेयकों का समर्थन करने की अपील की है।
उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का क्रांतिकारी कदम बताते हुए कहा कि इससे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ेगी और अधिक लोगों को प्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा।
आज यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए अठावले ने कहा कि प्रस्तावित विधेयक के तहत लोकसभा की अधिकतम सीटें 850 और महिलाओं के लिए 273 से अधिक सीटें करने का प्रावधान है। इससे जम्मू-कश्मीर में लोकसभा सीटें पांच से बढ़कर सात-आठ और विधानसभा सीटें 90 से बढ़कर 135-140 तक हो सकती हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में सभी दलों ने महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन किया था, इसलिए अब परिसीमन का विरोध नहीं होना चाहिए।
नेकां के इस आरोप को भी उन्होंने खारिज किया कि परिसीमन से केवल भाजपा को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि सीटों में वृद्धि का लाभ सभी दलों को मिलेगा और चुनाव में फैसला जनता करेगी।
अठावले ने एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार के विधेयकों को समर्थन देने का स्वागत करते हुए उन्हें एनडीए में शामिल होने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि पवार उनके अच्छे मित्र हैं और उनकी पार्टी के आठ सांसद हैं। उन्होंने पवार के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में हर जिले के विकास पर रहेगी सीधी नजर, 20 सीनियर अफसरों को मिली कमान
राहुल गांधी 2029 में मोदी से मुकाबला कर अपनी ताकत साबित करें
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत में सरकारें आंदोलनों से नहीं, बल्कि संवैधानिक प्रक्रिया और बहुमत से बनती हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के विरोध प्रदर्शनों से सरकार नहीं गिरेगी। ताकत साबित करनी है तो 2029 के लोकसभा चुनाव में पीएम मोदी का मुकाबला करें।
अठावले ने 1999 में अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के एक वोट से गिरने का उदाहरण देते हुए कहा कि एनडीए 2029 के लिए तैयार है और वह मोदी की टीम में शामिल होकर राहुल गांधी का विकेट लेंगे।
फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा
मुंबई में फिल्मी हस्तियों पर हमलों को लेकर रामदास अठावले ने कहा कि पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है। सलमान खान को लारेंस बिश्नोई से जुड़े खतरे को गंभीरता से लेते हुए फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा बढ़ाई गई है। पुलिस नए आपराधिक गिरोहों पर लगाम लगाने में जुटी है।