विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में दशकों का इंतजार खत्म, प्रतापोरा की गुज्जर बस्ती में पेयजल योजना शुरू; करीब 100 परिवारों को मिलेगी राहत

Published: Sun, 29 Nov 2026 11:08 AM (IST)

कुलगाम के प्रतापोरा की गुज्जर बस्ती में दशकों पुराने पेयजल संकट का अंत हुआ है।

प्रतापोरा की गुज्जर बस्ती में पेयजल योजना शुरू (प्रतीकात्मक फोटो, जागरण आर्काइव)

प्रतापोरा की गुज्जर बस्ती में पेयजल योजना शुरू (प्रतीकात्मक फोटो, जागरण आर्काइव)


HighLights

  1. प्रतापोरा की गुज्जर बस्ती में दशकों का पेयजल संकट समाप्त

  2. सांसद मियां अल्ताफ लारवी ने योजना का उद्घाटन किया

  3. 35 लाख की लागत से 100 परिवारों को मिलेगा पानी

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर में जिला कुलगाम में पीरपंजाल की तलहट्टी में स्थित प्रतापोरा, काजीगुंड की गुज्जर बस्ती के लोगों के लिए शनिवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया।

दशकों से पेयजल संकट का सामना कर रहे ग्रामीणों को अब नियमित पानी मिलने की उम्मीद जगी है। सांसद अनंतनाग-राजौरी मियां अल्ताफ अहमद लारवी ने शनिवार को पेयजल आपूर्ति योजना (डब्लयूएसएस) प्रतापोरा (ग्रैविटी मेन) का उद्घाटन किया।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, बस्ती में वर्ष 1947 से ही पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं थी। कई पीढ़ियों ने पानी की किल्लत के बीच जीवन गुजारा।

हालांकि, जल जीवन मिशन (जेजेएम) के तहत इस समस्या के समाधान के लिए योजना शुरू की गई थी, लेकिन बोरवेल आधारित जल स्रोत विफल होने के कारण परियोजना बंद पड़ गई और करीब तीन वर्षों तक ठप रही।

35 लाख रुपये की लागत से दोबारा शुरू किया

बाद में इस योजना को करीब 35 लाख रुपये की लागत से दोबारा शुरू किया गया। इसके लिए निर्वाचन क्षेत्र विकास निधि (सीडीएफ) और सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत धनराशि उपलब्ध कराई गई। इस योजना से गुज्जर बस्ती के लगभग 100 परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

योजना के उद्घाटन पर खुशी जाहिर करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि वे वर्ष 1947 से पेयजल की समस्या झेल रहे हैं। जल जीवन मिशन के तहत शुरू की गई योजना के बंद होने से उनकी मुश्किलें और बढ़ गई थीं।

100 परिवारों को मिलेगी बड़ी राहत

स्थानीय निवासियों ने सांसद मियां अल्ताफ लारवी, देवसर के विधायक पीरजादा फिरोज अहमद शाह, जिला उपायुक्त कुलगाम शहजाद आलम और पीएचई विभाग काजीगुंड का आभार जताया। उन्होंने कहा कि करीब 35 लाख रुपये की धनराशि से योजना को पुनर्जीवित किए जाने से लगभग 100 परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।


ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग योजना का उचित रखरखाव सुनिश्चित करेगा, ताकि लोगों को नियमित और निर्बाध पेयजल आपूर्ति मिलती रहे।

इस अवसर पर देवसर के विधायक पीरजादा फिरोज अहमद शाह, पीएचई डिवीजन काजीगुंड के कार्यकारी अभियंता काजी साकिब, सहायक कार्यकारी अभियंता, सहायक अभियंता) तौसीफ अहमद, विभाग के अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।

ग्रामीणों के लिए यह परियोजना केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि दशकों पुराने इंतजार के पूरा होने की उम्मीद है। अब उनकी निगाहें नियमित जलापूर्ति पर टिकी हैं, ताकि आने वाले समय में किसी परिवार को पीने के पानी के लिए परेशान न होना पड़े।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।