जम्मू: 18 किलोमीटर पैदल चलकर बाढ़ में फंसी गर्भवती महिला तक पहुंची सेना, हेलीकॉप्टर से पहुंचाया अस्पताल
सांबा में बाढ़ के कारण फंसी नौ महीने की गर्भवती महिला को सेना ने बचाया। 18 किलोमीटर पैदल चलकर सैनिक महिला तक पहुंचे और उसे हेलीकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया। प्रसव पीड़ा होने के कारण महिला की जान खतरे में थी। जिला प्रशासन ने सेना से मदद मांगी थी। राइजिंग स्टार कोर के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। सांबा के दूरदराज इलाकों में बाढ़ के कारण फंसी एक नौ माह की गर्भवती महिला को बचाने के लिए सेना के जवान देवदूत साबित हुए।
महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई थी। ऐसे में सेना समय पर कार्रवाई न करती उसे व उसके बच्चे के लिए खतरा हो सकता था।
बुधवार को सूचना मिलने के बाद सेना की राइजिंग स्टार कोर के जवान बाढ़ से उपजे हालात में 18 किलोमीटर पैदल चल कर महिला के घर तक पहुंचे।
इसके बाद उन्होंने सेना के हेलीकाप्टर से हिला को एयरलिफ्ट कर उसे सांबा के सैन्य अस्पताल तक पहुंचाने में सहयोग दिया।
सेना की इस मानवीय कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आपदा की घड़ी में सेना हमेशा देशवासियों के साथ खड़ी रहती है।
सांबा जिले के सुंब ब्लाक की गोरन पंचायत के दूर दराज पहाड़ी गांव कामठा डगेत्तर गांव के गुज्जर परिवार की गर्भवती महिला बसंतर नदी का जलस्तर बढ़ जाने के कारण अस्पताल नहीं पहुंच पा रही थी।
जैसे ही मामला जिला प्रशासन सांबा के संज्ञान में आया तो सेना की मदद मांगी गई। मंगलवार को ड्रोन की मदद से गर्भवती महिला की लोकेशन का पता लगाया गया था, लेकिन तेज बारिश के चलते महिला को एयरलिफ्ट करना संभव नही हो पाया था।
इस मौके पर सेना के साथ सांबा जिला प्रशासन के कई अधिकारी भी बसंतर नदी के एक छोर पर मौजूद रहे। अगले दिन मौसम में कुछ सुधार होने के बाद महिला के घर तक पहुंचने के लिए सैनिकों ने अठारह किलोमीटर यात्रा कर उसे एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था की।
सैनिकों ने महिला को उस जगह तक पहुंचाने में सहयोग दिया था यहां पर हेलीकाप्टर को लैंड किया गया था। इसके बाद सेना की एविएशन कोर के अनुभवी पायलटों ने बारिश के बीच महिला को उसके घर के पास से एयरलिफ्ट किया।
महिला के साथ उसके परिजनों को भी एयरलिफ्ट कर सांबा के सैन्य अस्पताल तक पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचते ही महिला का उपचार शुरू हो गया।
सेना की रायजिंग स्टार कोर ने 26 अगस्त से भारी बारिश से आई बाढ़ में सीमा प्रहरियों, केंद्रीय रिजर्व बल के कर्मियों के साथ सैकड़ों लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से सुरक्षित निकाला है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।