मौसम साफ होते ही अमरनाथ यात्रा फिर बहाल, अब तक 2.73 लाख श्रद्धालुओं ने किए हिमलिंग के दर्शन
जम्मू-कश्मीर में बाबा अमरनाथ यात्रा खराब मौसम के कारण एक दिन के लिए स्थगित रहने के बाद शुक्रवार को फिर से शुरू हो गई। बालटाल और पहलगाम दोनों मार्गों से श्रद्धालुओं को पवित्र गुफा की ओर जाने की अनुमति दी गई। शुक्रवार को 16858 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए जिससे अब तक दर्शन करने वालों की कुल संख्या 273091 हो गई है।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। Amarnath Yatra 2025: बदले मौसम और फिसलन भरे रास्तों के चलते एक दिन के लिए स्थगित रही बाबा अमरनाथ यात्रा शुक्रवार सुबह बालटाल और पहलगाम दोनों मार्गों पर फिर से शुरू हो गई है।
मौसम साफ होते ही श्रद्धालुओं को पवित्र गुफा की ओर से जाने की अनुमति दी गई। शुक्रवार को 16,858 श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा के दर्शन किए। इसके साथ ही अब तक दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 2,73,091 पहुंच गई है।
वहीं सुबह जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से 7,908 अमरनाथ यात्रियों का 16 वां जत्था कड़ी सुरक्षा के बीच पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना हुआ। इस जत्थे में 5,957 पुरुष, 1,613 महिलाएं, 26 बच्चे, 290 साधु और 22 महिला साधु शामिल हैं।
यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह बना हुआ है। यात्रा के दोनों मार्गों पर 125 लंगर लगाए गए हैं। यात्रा मार्गों पर सुविधाओं व सुरक्षा का नियमित तौर पर उपराज्यपाल, श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड व प्रशासन, पुलिस के अधिकारी जायजा ले रहे हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।