Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Amarnath Yatra 2025: पांच दिन में 93 हजार श्रद्धालुओं ने किए बाबा बर्फानी के दर्शन, आज एक लाख पार कर जाएगा आंकड़ा

    Updated: Tue, 08 Jul 2025 01:59 PM (IST)

    अमरनाथ यात्रा 2025 में श्रद्धालुओं का उत्साह बना हुआ है। पांच दिनों में 93 हजार से अधिक तीर्थयात्रियों ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए हैं। इनमें पुरुष महिलाएं सुरक्षाबल और साधु शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार यात्रा के पहले पांच दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या 93341 हो गई है। जम्मू से 8605 श्रद्धालुओं का जत्था पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना हुआ।

    Hero Image
    अमरनाथ यात्रा 2025 को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार (फाइल फोटो)

    पीटीआई, श्रीनगर। Amarnath Yatra 2025: अमरनाथ यात्रा 2025 को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार जारी है। सोमवार को करीब 24 हजार तीर्थयात्रियों ने अमरनाथ पवित्र गुफा में भगवान शिव के दर्शन किए। इस तरह पांच दिनों में कुल 93 हजार तीर्थयात्रियों ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    तीर्थयात्रियों में करीब 17,000 पुरुष, 4,000 महिलाएं, कई सौ सुरक्षाबल के जवान और कई साधु और साध्वियां शामिल थीं। अधिकारियों ने बताया कि 38 दिवसीय यात्रा के पहले पांच दिनों में गुफा मंदिर में दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की कुल संख्या 93,341 हो गई है। इन श्रद्धालुओं ने हिमालय पर 3,880 मीटर ऊंचे पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन किए।

    पहले पांच दिन में 93,341 श्रद्धालु पवित्र हिमलिंग के दर्शन कर चुके हैं। पूरी उम्मीद है कि मंगलवार को यात्रा का आंकड़ा एक लाख पार कर जाएगा। धीमी शुरुआत के बाद यात्रा तेज से आगे बढ़ रही है।

    इस बीच, जम्मू में आधार शिविर यात्री निवास से तीन जुलाई से शुरू हुई यात्रा का अब तक का सबसे बड़ा 8,605 श्रद्धालुओं का छठा जत्था पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना हुआ।

    श्रद्धालुओं के उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बिना पंजीकरण आ रहे यात्री लंबी-लंबी कतारों में लगकर करंट पंजीकरण करवाकर यात्रा पर निकल रहे हैं।

    पहले पांच दिनों में 16,024 करंट पंजीकरण हो चुके हैं। इस बार श्री अमरनाथ यात्रा 38 दिन की है और नौ अगस्त को रक्षा बंधन वाले दिन संपन्न होगी। वर्ष 2022 में 3.04 लाख, 2023 में 4.50 लाख और वर्ष 2024 में 5.12 लाख श्रद्धालुओं ने यात्रा की थी। इससे पहले वर्ष 2020 व 21 में कोरोना के कारण दो वर्ष यात्रा नहीं हुई थी।